कान्स के रेड कार्पेट पर छाया भक्ति का रंग, प्रेमानंद महाराज की तस्वीर वाले पर्स के साथ पहुंचीं अंजलि फोगाट; सनातन परंपरा की हुई चर्चा

कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर इस बार जहां दुनिया भर के सितारे अपने फैशन और ग्लैमर का जलवा बिखेरते नजर आए, वहीं भारतीय संस्कृति और भक्ति की एक अलग ही छाप भी देखने को मिली। इस बार चर्चा सिर्फ आउटफिट्स की नहीं रही, बल्कि सनातन और आध्यात्मिक संदेशों ने भी सुर्खियां बटोरीं।
फैशन डिजाइनर और मॉडल Anjali Fogat जब रेड कार्पेट पर पहुंचीं, तो उनका लुक सिर्फ स्टाइलिश ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक भावनाओं से भी जुड़ा हुआ दिखाई दिया। उनके स्टाइल में Premanand Maharaj और राधा-कृष्ण भक्ति की झलक साफ तौर पर देखने को मिली, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींच लिया। कान्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अंजलि फोगाट ने अपने आउटफिट और एक्सेसरीज के जरिए भारतीय सनातन परंपरा का संदेश पेश किया। उनका यह अंदाज चर्चा का विषय बन गया और सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने कहा कि इस बार रेड कार्पेट पर फैशन के साथ-साथ भक्ति और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। लुक की बात करें तो अंजलि फोगाट ने स्काई ब्लू रंग का खूबसूरत लहंगा चुना था, जिसे उन्होंने बेहद एलिगेंट तरीके से कैरी किया। इसके साथ उन्होंने ट्रेंडिंग जालीदार चुनरी को भी अपने पूरे लुक का हिस्सा बनाया, जिससे उनका आउटफिट और भी आकर्षक लग रहा था।उन्होंने अपने स्टाइल में राधा-कृष्ण के झूले से प्रेरित डिजाइन वाली कमर पेटी पहनी, जिसने उनके लुक को एक आध्यात्मिक टच दिया। इसके अलावा उन्होंने लंबी चोटी बनाई और उसे मोतियों वाले परांदे से सजाया, जिससे उनका पारंपरिक अंदाज और भी निखरकर सामने आया। हालांकि, सबसे ज्यादा ध्यान जिस चीज ने खींचा वह था उनका खास पर्स। इस पर्स पर Premanand Maharaj की तस्वीर लगी हुई थी, जिसे वह रेड कार्पेट पर बेहद आत्मविश्वास के साथ फ्लॉन्ट करती नजर आईं। यही पल इस इवेंट की सबसे ज्यादा चर्चित झलक बन गया। इस मौके पर अंजलि फोगाट के साथ बॉलीवुड एक्ट्रेस Urvashi Rautela भी नजर आईं। उर्वशी इस दौरान पूरी तरह गोल्डन आउटफिट में दिखाई दीं और उन्होंने भी रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी से ग्लैमर का तड़का लगाया।

अंजलि फोगाट के बारे में बात करें तो वह एक भारतीय फैशन डिजाइनर, मॉडल और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी हैं। वह अपने यूनिक फैशन सेंस और कान्स फिल्म फेस्टिवल में लगातार रेड कार्पेट अपीयरेंस के चलते अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं।