2 News : जनाई ने सिराज के राखी बांध अफवाहों पर लगाया विराम, कक्कड़ भाई-बहनों को साथ देख खुश हुए फैंस

हाल ही इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में छाए भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इस समय जबरदस्त लाइमलाइट में हैं। वे लाखों-करोड़ों हिंदुस्तानियों के लिए हीरो बन गए हैं। सिराज ने 5 टेस्ट में 23 विकेट चटका सीरीज ड्रॉ कराने में महत्वपूर्ण रोल निभाया था। सिराज ने शनिवार (9 अगस्त) को दिग्गज गायिका आशा भोसले की पोती जनाई भोसले संग रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। जनाई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह सिराज को राखी बांधती नजर आ रही हैं। कुछ समय पहले 23 वर्षीय जनाई संग सिराज की डेटिंग की अफवाहों ने तूल पकड़ा था।

हालांकि इन दोनों ने ही खबरों को सिरे से नकार दिया था। अब रक्षाबंधन पर जनाई ने सिराज को राखी बांधकर अटकलों और अफवाहों पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है। जनाई ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारा सा वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह सिराज को राखी बांध रही हैं। दोनों के बीच मस्ती मजाक भी होता दिख रहा है। जनाई ने वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, “एक हजारों में। इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता था।” जनाई ने इसके साथ राखी और दिल वाली इमोजी भी पोस्ट की। इस वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि सिराज और जनाई को कुछेक मौकों पर एक साथ स्पॉट किया जा चुका है। जनाई ने सोशल मीडिया पर सिराज संग कुछ फोटो शेयर की थीं, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर बातें होने लगी थीं। जनाई दादी की ही तरह कला और रचनात्मकता में गहरी रुचि रखती हैं। वह एक मल्टी-टैलेंटेड आर्टिस्ट हैं और सिंगर, सॉन्गराइटर, कंपोजर, डांसर और एक्ट्रेस के रूप में सबका दिल जीत लेती हैं। जनाई ने म्यूजिक इंडस्ट्री में करिअर की शुरुआत की और उनके पहले सोलो गाने केहंदी है को बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला। जनाई भारत के पहले ट्रांसजेंडर म्यूजिक बैंड के साथ भी जुड़कर एक सशक्त सामाजिक संदेश देने का काम कर चुकी हैं। वह आशा के साथ कई मंचीय प्रस्तुतियों का हिस्सा भी बन चुकी हैं।
रक्षाबंधन पर टोनी, सोनू और नेहा के बीच फिर से दिखी मजबूत बोंडिंग

तीनों कक्कड़ भाई-बहन टोनी, सोनू और नेहा सिंगिंग के क्षेत्र में खास पहचान बना चुके हैं। वे कई सालों से अपने हुनर से लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। हालांकि कुछ समय पहले इन्हें लेकर अच्छी खबर नहीं आई थी। सोनू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया था कि अब वो टोनी और नेहा के साथ सारे रिश्ते खत्म कर रही हैं। इसके बाद वो टोनी की बर्थडे पार्टी से भी गायब थीं। हालांकि तीनों भाई-बहन को उनके मम्मी-पापा की एनिवर्सरी पर एक साथ देखा गया था, जिससे साफ हो गया कि उनका विवाद खत्म हो गया है।

अब रक्षाबंधन के मौके पर एक बार फिर तीनों साथ नजर आए। यह देख फैंस काफी खुश हैं और मान रहे हैं कि अब उनके बीच कोई समस्या नहीं है। सोनू ने अपने इंस्टाग्राम पर राखी सेलिब्रेशन की कुछ फोटो शेयर की हैं। इनमें सोनू और टोनी व्हाइट कलर के कुर्ते में ट्विनिंग करते दिख रहे हैं, जबकि नेहा ने लाइट ग्रीन कुर्ता और व्हाइट पैंट पहनी थी।

नेहा ने भी इन फोटो को शेयर करते हुए लिखा, “हमारी तरफ से आपको हैप्पी रक्षाबंधन।” उन्होंने फोटो पर भाई-बहन को टैग किया। सोनू ने अप्रैल में इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए फैंस को बताया था कि वो अपने भाई-बहन के साथ रिश्ता तोड़ रही हैं। तब लोग सोचने लगे थे कि उनमें ऐसी क्या बात हो गई जो रिश्ता खत्म करने की नौबत आ गई।