बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रेखा अपने फैशन सेंस और शानदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। हालांकि, उनके फिल्मी करियर जितना ही उनकी निजी जिंदगी भी विवादों से घिरी रही। कई अभिनेताओं के साथ उनके नाम जोड़े गए, लेकिन उनका वैवाहिक जीवन कभी भी स्थिर नहीं रहा। बावजूद इसके, रेखा आज भी अपने समय से आगे सोचने वाली अभिनेत्री के रूप में पहचानी जाती हैं और कई युवतियों के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं।
रेखा और विनोद मेहरा के कथित संबंधों की चर्चा एक समय काफी जोर-शोर से हुई थी। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दोनों ने गुप्त रूप से शादी कर ली थी। लेखक यासिर उस्मान की किताब ‘रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी’ के अनुसार, रेखा की मुलाकात विनोद मेहरा से तब हुई थी जब उनका अभिनेता जितेंद्र से कथित रूप से ब्रेकअप हुआ था। खबरों के अनुसार, रेखा और विनोद मेहरा विवाह के बंधन में बंध चुके थे, लेकिन विनोद की मां को यह रिश्ता कभी पसंद नहीं आया। दोनों ने उन्हें मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन यह सफल नहीं हो पाया। इससे दोनों के बीच कई बार बहस हुई और कुछ रिपोर्ट्स में तो यह भी दावा किया गया कि रेखा ने इस तनाव में कॉकरोच मारने वाली दवा तक खा ली थी।
एक इंटरव्यू में रेखा ने कहा था, उनकी (विनोद मेहरा की मां) नजर में मैं सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि एक बदनाम अभिनेत्री हूं, जिसका अतीत खराब रहा है और जिसकी छवि एक 'सेक्स मैनियाक' की है। विनोद के लिए उन्होंने मुझे शुरू में सहन किया, लेकिन अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं कर पा रहीं।
रेखा ने इंटरव्यू में शादी की खबरों को बताया गलतरेखा ने विनोद मेहरा से शादी की अफवाहों का खंडन एक इंटरव्यू में सिमी गरेवाल के सामने किया था। सिमी ने उनसे पूछा, आपने 1973 में विनोद मेहरा से शादी की थी? इस पर रेखा ने चौंकते हुए जवाब दिया, एक्सक्यूज़ मी? उन्होंने आगे कहा, जैसे मैं फारूक अब्दुल्ला से शादीशुदा थी, वैसे ही आप कह रही हैं? नहीं, कोई भी कुछ भी कह सकता है। आप मुझसे पूछ रही हैं?… लेकिन मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहती, यह जरूरी नहीं है। विनोद मेहरा हमेशा मेरे शुभचिंतक थे और मेरे बेहद करीब थे। बाद में, रेखा ने बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल से शादी की थी।