कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फूलपुर और गोरखपुर में मतदान शुरु

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फूलपुर संसदीय सीट के लिए आज सुबह सात बजे मतदान शुरु हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संसदीय उपचुनाव में रविवार की सुबह प्राथमिक पाठशाला कन्या बेसिक गोरखनाथ में मतदान किया। आज मतदान के बाद मुख्यमंत्री मिर्जापुर के लिए रवाना हो जाऐंगे।

गोरखपुर व फूलपुर लोकसभा सीट पर आज होने वाले उपचुनाव को शांतिपूर्वक कराये जाने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गये हैं। चुनाव के लिए प्रदेश को 65 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) भी आबंटित की गई हैं. इसके अलावा पुलिस, पीएसी व होमगार्ड के जवानों की अलग से तैनाती की गई है। वहीं बिहार की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान है।

भाजपा ने गोरखपुर से उपेन्द्र दत्त शुक्ला को तथा फूलपुर सीट से कौशलेन्द्र सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है। सपा ने गोरखपुर से प्रवीण निषाद तथा फूलपुर से नागेन्द्र सिंह पटेल को मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने गोरखपुर से सुरहिता करीम तथा फूलपुर से मनीष मिश्र को टिकट दिया है। इन दोनों ही सीटों पर भाजपा, सपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होने की संभावना है। बसपा ने उपचुनाव में प्रत्याशी नहीं खड़े किए हैं।
वहीं बात करें बिहार की तो यहां पर अररिया लोकसभा, भभुआ और जहानाबाद विधानसभा सीट के लिए मतदान होगा। बिहार में भी ये चुनाव काफी अहम हैं क्योंकि महागठबंधन के टूटने के बाद यह पहला चुनाव है। इन चुनानों में पीएम मोदी और सीएम नीतीश की दोस्ती की भी कड़ी परीक्षा होगी। अररिया में आरजेडी सरफराज आलम और बीजेपी के प्रदीप सिंह आमने-सामने हैं। जबकि जहानाबाद में आरजेडी के सूदय यादव और जेडीयू के अभिराम शर्मा के बीच टक्कर है। बात करें भभुआ की तो यहां पर बीजेपी की रिंकी रानी पांडेय और कांग्रेस के शंभू सिंह पटेल के बीच मुकाबला है।

उपचुनाव में 4728 ईवीएम कण्ट्रोल यूनिट, 7098 बैलट यूनिट तथा 4728 वीवीपैट तैयार किये गये हैं। सभी मतदेय स्थलों पर वीवीपैट लगाये गये हैं। वीवीपैट लग जाने से मतदाताओं को पता चल सकेगा कि जिस उम्मीदवार के सामने वाले खाने का बटन दबाया है,वोट उसी को गया है।

राज्य की प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पाटीर्(बसपा) समेत कई दलों ने ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका जतायी थी। उसके बाद चुनाव आयोग ने सभी ईवीएम में वीवीपैट लगाने का निर्णय लिया।

मतदान शान्तिपूर्ण और निष्पक्ष सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। इस चुनाव के लिए अर्द्धसैनिक बल एवं पीएसी की 65 कम्पनियां तैनात की गयी हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये हैं। साथ ही अतिसंवेदनशील 95 बूथों पर वेबकास्टिंग करायी जायेगी।