2 News : विवेक ओबेरॉय ने अक्षय के आरोप पर दी यह रिएक्शन, अभिषेक के पक्ष में आया दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला

मशहूर अभिनेता सुरेश ओबेरॉय के बेटे एक्टर विवेक ओबेरॉय ने भी फिल्म इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है। उन्हें बॉलीवुड में दो दशक से ज्यादा हो चुके हैं। विवेक को कई हिट और लोकप्रिय फिल्मों में काम करने का मौका मिला है। हालांकि इन दिनों वे कम ही फिल्मों में नजर आते हैं। हाल ही उनके चचेरे भाई एक्टर अक्षय ओबेरॉय ने एक्टर के साथ अपने रिश्ते पर बात की थी। अक्षय ने रिश्ते को लेकर कोई खास उत्साह नहीं दिखाया और कहा कि उन्हें इससे काम मिलने में कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कभी भी विवेक के नाम का इस्तेमाल नहीं किया। अब विवेक ने इस बयान पर अपनी रिएक्शन दी है।

विवेक ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि मैंने खुद अक्षय से पूछा कि क्या हुआ था और यह इंटरव्यू किस बारे में है? अक्षय ने कहा, 'नहीं, इसे गलत तरीके से समझा गया है', लेकिन बेहतर होगा कि वह खुद बोलें. जहां तक मेरा सवाल है, मैं अक्षय से प्यार करता हूं और मुझे उनके काम पर बहुत गर्व है। हम हमेशा एक-दूसरे के जन्मदिन, दिवाली या माता-पिता की सालगिरह पर मौजूद रहते हैं। साथ बड़े होने की हमारी कुछ बेहतरीन यादें हैं। अक्षय को जो भी सफलता और प्रशंसा मिली है, वह पूरी तरह से उनके हकदार हैं, क्योंकि इसके लिए सिर्फ वही जिम्मेदार हैं।

यह इस बात पर आधारित नहीं होना चाहिए कि आप किसके भतीजे या चचेरे भाई हैं। यह पूरी तरह से योग्यता पर आधारित होना चाहिए। अक्षय ने अपनी योग्यता के दम पर सब कुछ हासिल किया है और मुझे इस पर बहुत गर्व है। बता दें कि अक्षय ने कहा था कि ऐसा भी नहीं था कि मैं विवेक से फोन करके उनसे संपर्क कर पाता, आप जानते ही हैं। बदकिस्मती से, मैं यह बात गर्व से नहीं, बल्कि दुख के साथ कहता हूं कि कोई सच्चा रिश्ता ही नहीं था तो मैं उन्हें फोन करके क्या पूछता? मैं बस अपने रास्ते पर चलता रहा था।

मुझे लगता है कि मैं यह बात पूरे आत्मविश्वास के साथ कह रहा हूं क्योंकि किसी को नहीं पता था कि हम रिश्तेदार हैं. यहां तक कि कास्टिंग करने वाले लोग भी नहीं। किसी को नहीं पता था और मैंने इसे कभी अपने फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया। उल्लेखनीय है कि अक्षय अब वरुण धवन व जान्हवी कपूर के साथ 2 अक्टूबर को रिलीज हो रही ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ फिल्म में नजर आएंगे। उनका ऋतिक रोशन की ‘फाइटर’ में अहम रोल था।
अभिषेक बच्चन के नाम और तस्वीरों का हो रहा था अवैध इस्तेमाल

दिल्ली हाईकोर्ट ने एक्टर अभिषेक बच्चन के पर्सनैलिटी राइट्स की रक्षा करते हुए ऑनलाइन प्लैटफॉर्म्स को बिना इजाजत व्यावसायिक लाभ के लिए उनके नाम या तस्वीरों का अवैध इस्तेमाल करने से रोक दिया है। हाईकोर्ट ने अंतरिम आदेश में कहा कि यह साफ है कि अभिषेक के व्यक्तित्व के गुणों, जिनमें उनका नाम, फोटो और सिग्नेचर का प्रतिवादी वेबसाइट्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स द्वारा उनकी बिना इजाजत, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल कर दुरुपयोग किया जा रहा है।

जस्टिस तेजस करिया ने 10 सितंबर को पारित और शुक्रवार को उपलब्ध कराए गए एक आदेश में कहा कि ये गुण वादी के पेशेवर कार्यों और उनके करिअर के दौरान उनके संबंधों से जुड़े हैं। ऐसे गुणों के अनधिकृत उपयोग से उनकी साख और प्रतिष्ठा पर असर पड़ता है। अभिषेक ने एकतरफा निषेधाज्ञा देने के लिए प्रथम दृष्टया एक अच्छा मामला स्थापित किया है। इसके साथ ही सुविधा का संतुलन भी उनके पक्ष में है और यदि वर्तमान मामले में निषेधाज्ञा नहीं दी जाती है, तो इससे वादी और उसके परिवार को न केवल आर्थिक रूप से, बल्कि सम्मान के साथ जीने के उसके अधिकार के संबंध में भी अपूरणीय क्षति होगी।

उल्लेखनीय है कि यह मुकदमा अभिषेक के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं, जिनमें उनका नाम, छवि, समानता, व्यक्तित्व और आवाज शामिल हैं, का प्रतिवादियों द्वारा बिना उनकी सहमति के अपने व्यावसायिक लाभ के लिए दुरुपयोग करने से संबंधित है। बता दें कि इसके पहले हाईकोर्ट ने हाल ही अभिषेक की पत्नी अभिनेत्री ऐश्वर्या राय के व्यक्तित्व से जुड़े प्रतीक और कंटेंट को बिना अनुमति इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी थी। अभिषेक के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म ‘हाउसफुल 5’ थी।