‘इक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा’, दूसरा ट्रेलर जारी, खत्म हुआ सस्पेंस #VIDEO

आगामी शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही विधु विनोद चोपड़ा और फॉक्स स्टार इंडिया की फिल्म ‘इक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा’ का दूसरा ट्रेलर जारी कर दिया गया है। फिल्म के दूसरे ट्रेलर को भी पहले ट्रेलर की तरह ही दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। ट्रेलर की समय अवधि 1 मिनट 42 सैकण्ड है, जिसकी शुरूआत राजकुमार राव और सोनम कपूर से होती है। पहले लगता है कि राजकुमार राव और सोनम कपूर एक-दूसरे को प्रेम करते हैं लेकिन सोनम कपूर के भाई को इस बात का पता चल जाता है कि उसकी बहन का अफेसर किसी लडक़ी से है। परिवार को जब इस बात की जानकारी होती है तो नाराजगी और तनाव बढ़ जाता है। ट्रेलर के अंत में सोनम कपूर को बंद कांच के डिब्बे में दिखाया जाता है जिस पर लिखा होता ‘सैट फ्री लव’।

ट्रेलर से स्पष्ट हो जाता है कि यह समलैंगिक रिश्तों पर बुनी गई कहानी जिसकी धूरी एक पंजाबी परिवार के इर्द गिर्द घूमती है। सोनम कपूर ने इसमें लेजबियन की भूमिका अदा की है। यह फिल्म आगामी शुक्रवार 1 फरवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रहा है। फिल्म का निर्देशन विधु विनोद चोपड़ा की बहन शैली चोपड़ा धर ने किया है। आम फार्मूला फिल्मों और प्रेम कहानियों से इतर बनी इस प्रेम कहानी को लेकर प्रोडक्शन हाउस निश्चिंत है कि उसकी फिल्म को दर्शकों द्वारा सफलतापूर्वक स्वीकार किया जाएगा। अब तक जारी किए दोनों ट्रेलरों से स्पष्ट है कि अदाकारी के मामले में राजकुमार राव और अनिल कपूर का बराबर का मुकाबला देखने को मिलेगा। यह अनिल कपूर और सोनम कपूर की पहली फिल्म है जिसमें वे एक साथ पिता-पुत्री के रिश्ते में नजर आ रहे हैं। राजकुमार राव की यह सोनम कपूर के साथ पहली फिल्म है। इस फिल्म में उन्होंने एक मुस्लिम युवक का किरदार निभाया है।