एक्ट्रेस कैटरीना कैफ और एक्टर विक्की कौशल के जीवन में जल्द ही सबसे बड़ी खुशी आने वाली है। वे शादी के साढ़े तीन साल बाद अपने पहले बच्चे का स्वागत करने जा रहे हैं। सितंबर में कपल ने सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी तस्वीर शेयर करके प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। फोटो में विक्की, कैटरीना के बेबी बंप को सहलाते हुए दिख रहे थे। अब विक्की ने पहली बार कैटरीना की प्रेग्नेंसी के बारे में खुलकर बात की और यह संकेत भी दिया कि डिलीवरी कब होगी। युवा कॉन्क्लेव इवेंट में विक्की से जब पूछा गया कि पिता बनने पर उन्हें सबसे ज्यादा किस बात का इंतजार है, तो वे मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ एक पिता बनने का।
मैं वाकई इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मुझे लगता है कि यह एक बहुत बड़ा आशीर्वाद है। रोमांचक समय, लगभग आ ही गया है, तो बस दुआ है। इसके आगे उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि मैं घर से ही नहीं निकलने वाला हूं। गौरतलब है कि कुछ समय पहले कैटरीना की गोद भराई की रस्म हुई थी। इसमें उनके परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। हालांकि इस बेबी शॉवर के बारे में न तो कपल और न ही उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि की गई थी। फैंस लंबे समय से कैटरीना की प्रेग्नेंसी की अटकलें लगा रहे थे।
कैटरीना की पिछली फिल्म साल 2024 के शुरू में रिलीज हुई ‘मैरी क्रिसमस’ थी। इसके बाद से ही उनके चाहने वालों को लग रहा था कि वह फैमिली प्लानिंग कर रही हैं। बता दें कैटरीना और विक्की की पहली मुलाकात साल 2019 में हुई थी। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होती गई और वक्त के साथ दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। इसके बाद उन्होंने 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित सिक्स सेंसेस फोर्ट में शादी कर ली। विक्की के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो इस साल मार्च में रिलीज हुई उनकी मूवी ‘छावा’ ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी। इन दिनों वे संजय लीला भंसाली की मूवी 'लव एंड वॉर' की शूटिंग में बिजी हैं। इसमें उनके साथ रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हैं।
प्रिया सचदेव ने संजय कपूर को याद करते हुए लिखी इमोशनल पोस्टप्रिया सचदेव ने बुधवार (15 अक्टूबर) को अपने दिवंगत पति और बिजनेसमैन संजय कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर एक इमोशनल पोस्ट और वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया है। इस वीडियो में संजय के परिवार के साथ बिताए गए यादगार पलों की झलकियों को दिखाया गया, जिसमें संजय की एक्स वाइफ करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा और कियान भी नजर आए। प्रिया ने अपनी पोस्ट में भगवद् गीता के एक उद्धरण से शुरू करते हुए लिखा, “एक महान व्यक्ति जो भी काम करता है, दूसरे लोग उसे फॉलो करते हैं।
जो मकसद और प्यार के साथ जीता है, वह कभी खत्म नहीं होता। तुमने दया से लीड किया, कमांड से नहीं। तुमने हिम्मत से बनाया, घमंड से नहीं। तुमने बिना उम्मीद के दिया, क्योंकि देना तुम्हारा नेचर था। अब भी तुम्हारी मौजूदगी मेरे बगल में शांत ताकत की तरह महसूस होती है। हमारे बेटे की हंसी में। उन दीवारों में जिन्हें तुमने विजन से बनाया। शाम की शांति में जहां मुझे तुम्हारी शांति महसूस होती है। मेरे संजय, तुमने हमें सिखाया कि कैसे बड़े सपने देखें और खुद पर विश्वास करें। आपका विजन हमेशा जिंदा रहेगा। आप हमेशा चलते रहेंगे। आप सबसे अच्छे पति, पिता, दोस्त और इंसान हैं। आपके हमेशा रहने वाले प्यार के लिए शुक्रिया।”
वीडियो में संजय और प्रिया की शादी, करवा चौथ, अपने बेटे के साथ खुशियों और परिवार के साथ बिताए गए क्वालिटी टाइम की झलकियां दिख रही हैं। करिश्मा वीडियो में नहीं हैं, लेकिन उनके बच्चे समायरा और कियान नजर आए। इसके अलावा प्रिया ने अपनी सास रानी के साथ अपनी यादगार तस्वीरें भी साझा कीं। वीडियो में संजय का खुद का नरेशन भी शामिल है। वे अपने परिवार के लिए अपनी जिम्मेदारियों और मूल्यों पर बात करते नजर आए। बता दें संजय का इसी साल लंदन में पोलो खेलते हुए हार्ट अटैक से निधन हो गया था।