नागिन फेम निया शर्मा की गाड़ी से हैंडबैग हुआ चोरी, Tweet कर मुंबई पुलिस से मांगी मदद

खतरों के खिलाड़ी की विनर रहीं टीवी एक्ट्रेस निया शर्मा की गाड़ी से मुंबई के लोअर परेल इलाके में हैंडबैग चोरी हो गया। निया शर्मा ने घटना के बाद मुंबई पुलिस से ट्विटर पर मदद मांगी। जिसका एक्ट्रेस को तुरंत जवाब भी मिला।

निया का बैग चोरी, पुलिस से की शिकायत

निया ने ट्विटर पर अपने हैंडबैग की फोटो शेयर कर लिखा- मुंबई पुलिस किसी ने मेरा हैंडबैग मेरी कार से उठा लिया है। लोअर परेल के सेनापति बापत मार्ग सिग्नल पर ये घटना घटी। आपकी मदद बहुत मायने रखती है प्लीज। जैसे ही निया ने अपनी शिकायत की मुंबई पुलिस की तरफ से तुरंत जवाब आया। जिसमें लिखा था- हमने आपको फॉलो कर लिया है। आपसे रिक्वेस्ट है कि अपना नंबर हमें इंबॉक्स करें। डिटेल्स के लिए हम आपको जल्द ही फोन करेंगे। निया ने त्वरित जवाब देने के लिए मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा किया।

आपको बता दें निया शर्मा ने बीते महीने ही अपना 30वां बर्थडे सेलिब्रेट किया था। निया शर्मा के बर्थडे का सेलिब्रेशन काफी सुर्खियों में रहा था। जिसका कारण बना था उनका बर्थडे केक। अपने जन्मदिन पर डर्टी केक काटकर एक्ट्रेस ट्रोलर्स के निशाने पर आ गई थीं। निया शर्मा के वर्कफ्रंट की बात करें तो वे कई पॉपुलर टीवी शोज का हिस्सा रही हैं। निया ने एक हजारों में मेरी बहना है, जमाई राजा, इश्क में मरजावां, नागिन 4 जैसे शोज में काम किया है। निया ने खतरों के खिलाड़ी-मेड इन इंडिया जीता है। निया की टीवी को बोल्ड एंड ब्यूटीफुल एक्ट्रेसेज में शुमार किया जाता है।