2 News : विवेक की फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ का ट्रेलर आया सामने, इन्होंने ‘परम सुंदरी’ में जान्हवी को लेने पर जताया एतराज

'द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी चर्चित फिल्मों से पहचान बना चुके डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री अब एक और विवादास्पद विषय पर बनी मूवी ‘द बंगाल फाइल्स’ लेकर लौटे हैं। इस मचअवेटेड फिल्म का ट्रेलर आज शनिवार (16 अगस्त) को रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में सालों पहले बंगाल में हुए हिंसक दंगों और हिंदू समुदाय पर हुए अत्याचारों को दर्शाया गया है। इसकी कहानी साल 1946 में ब्रिटिश भारत के अंतर्गत हुए कोलकाता दंगों और नोआखाली नरसंहार पर आधारित है। यह वह समय था जब सांप्रदायिक तनाव चरम पर था और बंगाल हिंसा की आग में झुलस रहा था।

फिल्म में इन घटनाओं को तथ्यों के आधार पर दिखाने का दावा किया जा रहा है। फिल्म में ‘द कश्मीर फाइल्स’ के कलाकार मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार एक बार फिर से वापसी कर रहे हैं। ये सभी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे, जिनकी पिछली फिल्म में भी दमदार उपस्थिति रही है। संवेदनशील थीम को देखते हुए फिल्म का विरोध भी किया जा रहा है, खास तौर से बंगाल में। विवेक ने दावा किया है कि उन्हें फिल्म की घोषणा के बाद से ही कई तरह की धमकियों और परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

हालांकि इसके बावजूद फिल्म को टाला नहीं गया है और इसे 5 सितंबर को रिलीज किया जा रहा है। दरअसल जब से इसका टीजर सामने आया है, फिल्म पूरे देश में चर्चा में है। कुछ सीन में काली मां की मूर्ति को भट्टी में जलते दिखाने के कारण विवाद हुआ। इसके चलते कई एफआईआर दर्ज हुईं। डायरेक्टर, प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल और अभिनेत्री-प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी पर फिल्म में विवादित कंटेंट दिखाने के आरोप लगे, लेकिन हाई कोर्ट ने बीच में हस्तक्षेप किया और सभी एफआईआर पर रोक लगा दी, जिससे फिल्म का प्रमोशन जारी रखा जा सका। ये फिल्म तेज नारायण अग्रवाल और आई एम बुद्धा द्वारा प्रस्तुत और विवेक की फाइल्स ट्रिलॉजी का हिस्सा है।
एक्ट्रेस पवित्रा मेनन ने इंस्टाग्राम पर जान्हवी कपूर पर निकाली खुन्नस

सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की रोमांटिक फिल्म ‘परम सुंदरी’ का ट्रेलर हाल ही रिलीज हुआ था। इसे देखने के बाद फैंस में फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इसमें दो अलग-अलग कल्चर के लोगों की लव स्टोरी दिखाई गई है। फिल्म में जान्हवी ने एक मलयाली लड़की ‘सुंदरी’ का किरदार निभाया है। हालांकि उनका काम मलयाली एक्ट्रेस व सिंगर पवित्रा मेनन को पसंद नहीं आ रहा। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे किरदारों के लिए किसी मलयाली को ही कास्ट क्यों नहीं करते।

पवित्रा ने इंस्टाग्राम पर ‘परम सुंदरी’ के ट्रेलर को लेकर निराशा जताई है। उन्होंने खास तौर पर जान्हवी के काम की आलोचना करते हुए कहा कि ट्रेलर में आगे जाने से पहले वो एक बहुत बड़े मुद्दे पर बात करना चाहती हैं। किसी मलयाली एक्टर को कास्ट करने में क्या दिक्कत है। हम कम टैलेंटेड होते हैं क्या। केरल में ऐसा नहीं होता है। जैसे मैं हिंदी में बात कर रही हूं, उसी तरह मैं मलयालम भी बहुत अच्छी तरह बोल सकती हूं। क्या हिंदी फिल्म में कोई रोल करने के लिए एक मलयाली को ढूंढना इतना मुश्किल है?

हमने 90 के दशक की मलयालम फिल्मों में ऐसा किया है जब हमें बल्ले-बल्ले करते हुए पंजाबियों को दिखाना होता था। अब 2025 आ गया है। मुझे लगता है कि हर किसी को पता है कि एक मलयाली कैसे बात करता है और कैसे वे भी बाकी लोगों की तरह नॉर्मल है। हम हर जगह सिर्फ बालों में चमेली के फूल लगाते हुए मोहिनीअट्टम नहीं करते। इससे पहले पवित्रा ने बताया कि उनकी पहली पोस्ट को ‘परम सुंदरी’ के प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म ने कॉपीराइट उल्लंघन के चलते हटा दिया था जिसमें ट्रेलर की क्लिप्स दिखाई गई थी।