Stree 2 Box Office Report: 600 करोड़ का आंकड़ा छूने में सफल होगी स्त्री 2!

दिनेश विजान द्वारा निर्मित और अमर कौशिक द्वारा निर्देशित स्त्री 2 ने अपने प्रदर्शन से पूरे फिल्म उद्योग को हैरत में डाल दिया है। स्त्री 2 को लेकर दर्शकों में उत्साह नजर आ रहा था लेकिन यह इतना होगा इसका अंदाज स्वयं फिल्म निर्माताओं को भी नहीं था। बॉक्स ऑफिस को इसके सफल होने पर कोई संदेह नहीं था लेकिन यह वर्ष 2024 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर हिन्दी फिल्म बनेगी उसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।

दुनिया भर में फिल्म ने 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स ने गुरुवार को साझा किया कि भारत में 342 करोड़ रुपये और विदेशों में 59 करोड़ रुपये की कमाई के बाद, स्त्री 2 ने रिलीज के सात दिनों के भीतर दुनिया भर में कुल 401 करोड़ रुपये कमाए हैं। गुरुवार तक कमाई लगभग 417 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
स्त्री 2 जिस अंदाज में वर्ल्ड वाइड कमाई कर रही है उसे देखते हुए अनाधिकृत तौर पर बॉक्स ऑफिस पर नजर रखने वाले ट्रेड विश्लेषकों का अनुमान है कि यह फिल्म अपने तीसरे सप्ताह के अन्त तक अर्थात् 5 सितम्बर तक 600 करोड़ के आंकड़े को छूने में सफल हो सकती है। इसका कारण वह यह मानकर चलते हैं कि अभी उसके पास दो सप्ताह का समय है। बॉक्स ऑफिस पर इस शुक्रवार 23 अगस्त और आगामी शुक्रवार 30 अगस्त को कोई बड़ी हिन्दी फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने जा रहा है। हाँ कुछ हॉलीवुड फिल्में जरूर प्रदर्शित हो रही है लेकिन उनमें एक भी ऐसी नहीं है जिसे लेकर दर्शक उत्साहित नजर आ रहा हो। ऐसे में स्त्री 2 को कमाई के लिए बेहतरीन मौका मिल रहा है। साथ ही उन दर्शकों के पास इस फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में जाकर देखने के अतिरिक्त और कोई विकल्प नजर नहीं आ रहा जो हर सप्ताह फिल्म देखना पसन्द करते हैं।बात अगर कारोबारी आंकड़ों के हिसाब से करें तो स्त्री 2 ने गुरुवार को 16 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसकी भारत में कुल कमाई 305.6 करोड़ रुपये हो गई। आने वाले दो सप्ताह को नजर में रखते हुए यदि इसकी कमाई को 11 करोड़ प्रतिदिन मानकर चला जाए तो यह आंकड़ा 154 करोड़ रुपये बनता है। वर्ल्ड वाइड इसे यदि अब तक के कारोबार में जोड़ा जाए तो यह 571 करोड़ रुपये पर जाकर रुकता है। इसमें आने वाले दो शनिवार और दो रविवार भी शामिल हैं जिनमें सामान्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा कारोबार होता है, ऐसे में पूरी उम्मीद की जा सकती है कि स्त्री 2 बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्ड वाइड 600 करोड़ का कारोबार करने में सफल हो जाएगी।