‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ की शुरुआत हुए अभी दो दिन ही हुए हैं, लेकिन शो में विवाद ने जोर पकड़ लिया है। शुरुआती एपिसोड में ही सिवेत तोमर और शहजाद पूनावाला के बीच ऐसा टकराव हुआ कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद सिवेत तोमर को शो से बाहर कर दिया गया। एविक्शन के बाद सिवेत ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी और अपने व्यवहार का बचाव किया।
शहजाद पूनावाला के साथ भिड़ंत के बाद हुए बाहरसिवेत और शहजाद के बीच हुई हाथापाई का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया। वायरल क्लिप में सिवेत शहजाद का कॉलर पकड़कर उनके साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद सिवेत को ‘राइज एंड फॉल 2’ से बाहर कर दिया गया।
शो से बाहर होने के बाद सिवेत ने इंस्टाग्राम पर इसी वायरल क्लिप को साझा किया। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने अपनी सोच और इस पूरे मामले को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने अपने टैटू का जिक्र करते हुए इसे सिर्फ शरीर पर बनी स्याही नहीं, बल्कि अपनी पहचान और उस परंपरा से जुड़ा बताया, जिसे वह आगे बढ़ा रहे हैं।
‘मैं अपनी बात पर कायम रहता हूं’सिवेत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर किसी को लगता है कि उन्हें गुमराह किया जा सकता है और वह चुपचाप बैठे रहेंगे, तो ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह किसी ऐसे व्यक्ति के साथ बातचीत या कोई खेल नहीं खेलेंगे, जिसने उनके साथ गलत किया है, जब तक वह उनसे सच्चे दिल से माफी नहीं मांगता।
उन्होंने इसे अपना अहंकार नहीं, बल्कि अपनी सीमा बताया। सिवेत ने यह भी कहा कि जब वह कोई बात कहते हैं तो उस पर कायम रहते हैं। उनकी पोस्ट में राजनीतिक एजेंडे और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने की बात भी शामिल थी। उन्होंने इंसानियत को राजनीतिक एजेंडे से ऊपर रखने की अपील की और कहा कि वह इस वजह से पीछे नहीं हटेंगे कि सभी लोग उनके खिलाफ हैं।
सिवेत ने अपनी बात के अंत में अपनी जुबान को अपने लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वह अपनी बात पर अडिग रहेंगे।
‘राइज एंड फॉल 2’ से पहले भी रियलिटी शो का हिस्सा रहे हैं सिवेतसिवेत तोमर उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले हैं। वह मॉडल, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और रियलिटी टीवी पर्सनैलिटी के तौर पर काम कर चुके हैं। उनका जन्म 3 जुलाई 1998 को हुआ था। उन्होंने देहरादून से स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद रायपुर के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज से बैचलर ऑफ कॉमर्स की पढ़ाई की।
साल 2023 में सिवेत ने ‘रोडीजः कर्म कांड’ के जरिए रियलिटी टीवी की दुनिया में एंट्री की थी। इस शो में वह प्रिंस नरूला की गैंग का हिस्सा बने थे और सीजन के फर्स्ट रनरअप रहे। इसके बाद वह ‘स्प्लिट्सविला X5’ में नजर आए।
सिवेत ने बाद में ‘रोडीजः डबल क्रॉस’ के साथ रोडीज फ्रैंचाइजी में वापसी की, जहां उन्होंने ‘इनसाइडर’ के तौर पर हिस्सा लिया। साल 2026 में वह ‘The 50’ में भी दिखाई दिए थे।
अब ‘राइज एंड फॉल 2’ में शहजाद पूनावाला के साथ हुई भिड़ंत के बाद उनका सफर शुरुआती दौर में ही खत्म हो गया है। शो से बाहर निकलने के बाद उनकी सोशल मीडिया पोस्ट में कही गई बातें उनके इस एविक्शन के बाद सामने आईं हैं।