‘चिटि्टया कलाइयां’ फेम सिंगर कनिका कपूर ने खोली बॉलीवुड की पोल, कई गानों के लिए मिले सिर्फ 101 रुपए, कही ये बातें भी

कई लोकप्रिय गानों को अपनी आवाज से सजाने वालीं सिंगर कनिका कपूर (46) फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय से एक्टिव हैं। कनिका ने साल 2012 में अपने करिअर की शुरुआत की थी। इसके बाद से ‘चिटि्टया कलाइयां’, ‘देसी लुक’, ‘बेबी डॉल’, ‘टुकुर टुकुर’, ‘लवली’, ‘बीट पे बूटी’, ‘सेल्फी’ और ‘ओ अंतावा’ जैसे गाने गाए। अब कनिका ने बॉलीवुड पर निशाना साधा है। उन्होंने बताया कि बॉलीवुड में कलाकारों को कैसे ट्रीट किया जाता है और उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ा। कनिका ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और अपने अटपटे फैशन स्टाइल के लिए जानी जाने वालीं उर्फी जावेद के पॉडकास्ट ‘बंक विद उर्फी’ में शिरकत की।

इस दौरान कनिका ने पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े स्ट्रगल्स के बारे में खुलकर बातें कीं। उर्फी ने उनसे पूछा कि आपका एक गाना काफी वायरल हुआ था लेकिन उसके लिए उन्हें पैसे नहीं दिए गए थे। इसके जवाब में कनिका ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि इस इंडस्ट्री में किसी भी सिंगर को किसी गाने के लिए पैसे दिए जाते हैं। अब शायद इंडिपेंडेंट म्यूजिक के लिए मिलता हो लेकिन वे सिंगर्स को पे नहीं करते हैं। गायकों को पैसा नहीं मिलता है।

मैं आपको इतने सारे कॉन्ट्रेक्ट्स दिखा सकती हूं जिसमें मुझे 101 रुपए मिले हैं। उस पर भी वे ऐसा करते हैं जैसे वे आप पर एहसान कर रहे हो। जिस तरह से विदेशों में कलाकारों को उनके काम के लिए लगातार रॉयल्टी मिलती रहती है, वैसा भारत में नहीं है। म्यूजिक कंपनियां रॉयल्टी नहीं देती हैं। वे केवल एक बार का भुगतान करती हैं, और उसके बाद कलाकार को उनके काम से कोई और पैसा नहीं मिलता।
उर्फी ने कनिका से पूछा कि सिंगर्स फिर कैसे कमाते हैं तो…

जब उर्फी ने पूछा कैसे तो कनिका ने कहा कि मैं आपको इंडस्ट्री के ग्रेटेस्ट सिंगर्स के नाम बता सकती हूं। मुझे नहीं लगता है कि इन कलाकारों को इनके सबसे महान गानों के लिए कोई पैसा मिला होगा। इंडस्ट्री में कोई पब्लिशिंग और रॉयलिटी स्ट्रक्चर नहीं है। संगीतकार और गीतकार अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। रॉयल्टी का मुद्दा लंबे समय से इंडस्ट्री में एक बड़ी समस्या रहा है। इस पर उर्फी ने कहा कि मुझे तो लगता था कि कम से कम लाखों रुपए तो गानों के लिए सिंगर्स को मिलते ही होंगे, तो कनिका ने सहमति जताते हुए कहा कि मैं अपनी बात कर रही हूं।

सबके कॉन्ट्रेक्ट तो मैंने देखे नहीं हैं। जब कनिका से आगे पूछा गया कि सिंगर्स फिर कैसे कमाते हैं, तो उन्होंने कहा कि केवल अगर आप जीवित हैं और गाने में सक्षम हैं, अगर आपकी आवाज चल रही है, और आप शो कर पा रहे हैं। जब तक आप शो कर रहे हैं, तब तक आपको पैसे मिलेंगे। कल को कुछ हो जाए तो कोई पेंशन योजना नहीं है सिंगर्स के लिए।