2 News : शो में धूम मचाएंगी शेट्टी सिस्टर्स और हुमा-साकिब, देखें प्रोमो, कपिल ने वीडियो शेयर कर जताया इनका आभार

इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का तीसरा सीजन खूब धूम मचा रहा है। इसमें आने वाले सेलेब्रिटी और कपिल की टीम दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है। इसका अगला एपिसोड 9 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन टेलीकास्ट होगा। इसमें एक्ट्रेस बहनों की जोड़ी शिल्पा व शमिता शेट्टी तथा भाई-बहन एक्टर साकिब सलीम और बहन एक्ट्रेस हुमा कुरैशी नजर आएंगे। सोशल मीडिया पर जारी प्रोमो वीडियो में वे सब मस्ती करते दिख रहे हैं। शिल्पा, कपिल के वजन घटाने का मजाक उड़ाती हैं।

इस पर कपिल तुरंत पलटवार करते हुए कहते हैं, 'मैंने आपसे ही सीखा है।' कपिल मजाक में आगे कहते हैं कि उनका वजन हर साल थोड़ा-थोड़ा कम हो रहा है। जब कपिल ने शमिता से पूछा कि क्या वह अपनी बहन से सब कुछ शेयर करती हैं, तो शिल्पा ने चुटकी लेते हुए कहा कि शमिता मुझसे सिर्फ बॉयफ्रेंड वाली बातें छिपाती हैं। इस पर शमिता ने कहा कि अब मैं ऐसा नहीं करतीं क्योंकि मैं सिंगल हूं। जब बात डेटिंग की होती है, तो कॉमेडियन सुनील ग्रोवर पूछते हैं कि एक आदमी में क्या देखना चाहिए।

हुमा कहती हैं, 'सुंदर और लंबा,' जबकि शमिता कहती हैं, 'बुद्धिमत्ता' इस पर शिल्पा तुरंत शमिता की टांग खींचते हुए कहती हैं, 'तो फिर तू बुद्धि क्यों नहीं देखती? सिर्फ शरीर देखती है।’ इस दौरान हुमा और साकिब बड़ी राखी लेकर एंट्री करते हैं। कपिल, हुमा की मां से कहते हैं, “मैंने हुमा का इंतजार करते-करते शादी कर ली।” इस पर मां कहती हैं कि हुमा उन्हें भाई मानती हैं और उनकी लाज रखना चाहिए। कपिल चौंकते हुए मजाक में बोलते हैं, “इनका कोई माइक बंद करो, गुंडी है आपकी मम्मी?”
कपिल के कैफे में चली थीं गोलियां, कॉमेडियन ने अब दी पहली बार रिएक्शन

कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफे को 10 जुलाई को आतंकियों ने निशाना बनाया और उस पर गोलियां बरसाईं। कुछ दिन बंद रहने के बाद वह फिर से खुल गया है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने अपना समर्थन दिखाने के लिए कैफे का विशेष दौरा किया। कपिल ने उनका सोशल मीडिया पर आभार व्यक्त किया है। कपिल ने इंस्टाग्राम पर इस घटना पर अपनी पहली प्रतिक्रिया शेयर की है।

कपिल ने पत्नी गिन्नी चतरथ के साथ मिलकर एक वीडियो साझा किया, जिसमें पुलिस अधिकारी उनके कैफे में भोजन का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। कपिल ने लिखा, “मेयर ब्रेंडा लॉक, @surreypoliceservice और @thekapscafe_ पर अपना प्यार और समर्थन दिखाने आए सभी अधिकारियों का धन्यवाद। हम एकजुट होकर हिंसा के खिलाफ खड़े हैं। हम सचमुच आभारी हैं।” वहीं कप्स कैफे के आधिकारिक पेज ने भी इस दौरे की फोटो शेयर कर लिखा, “हमें @themayorofsurrey, @surreypoliceservice के सदस्यों और अन्य सम्मानित अधिकारियों का @thekapscafe_ पर आना वाकई सम्मान की बात है।

आपका समर्थन और उपस्थिति हमारे और हमारे समुदाय के लिए बहुत मायने रखती है। यहां आने के लिए समय निकालने के लिए धन्यवाद।” बता दें कि ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में कैफे पर कई गोलियां चलाई गई थीं। अधिकारियों का मानना है कि यह हमला प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े लाडी गिरोह द्वारा लक्षित हमला था।