
'कांटा लगा' फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का मात्र 42 साल की उम्र में दुखद निधन हो गया है। शुक्रवार की रात आई इस चौंकाने वाली खबर से फैंस और इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। जिन लोगों ने उन्हें हंसते-खिलखिलाते देखा था, उनके लिए ये खबर किसी सदमे से कम नहीं है।
बताया जा रहा है कि शेफाली को कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद पति पराग त्यागी और तीन अन्य करीबी लोग उन्हें मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, उनकी मौत का कारण अब तक आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया है।
इसी बीच, शेफाली की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे देख फैंस की आंखें नम हो गई हैं।
शेफाली की आखिरी पोस्ट ने सबको भावुक कर दियाअपनी इस आखिरी पोस्ट में शेफाली बेहद आत्मविश्वास के साथ कैमरे के सामने पोज़ देती नजर आ रही हैं। उन्होंने डीप नेकलाइन, फुल स्लीव्स और वर्टिकल शिमर डिटेल्स वाला फ्लेयर्ड आउटफिट पहना हुआ है, जिसमें वो बेहद स्टनिंग और चार्मिंग लग रही थीं।
स्टूडियो की चमचमाती लाइट्स के बीच उनकी ये फोटोशूट वाली तस्वीरें आज उनकी मुस्कान की आखिरी याद बन चुकी हैं।
पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था – Bling it on baby...
ये चार शब्द अब उनके चाहने वालों के लिए एक इमोशनल झटका बन चुके हैं। इस पोस्ट पर अब हज़ारों की तादाद में कमेंट्स आ रहे हैं।
फैंस को नहीं हो रहा यकीन, कमेंट बॉक्स में उमड़ा भावनाओं का सैलाब
इस पोस्ट पर फैंस अपने-अपने तरीके से गहरा शोक और disbelief जता रहे हैं। किसी ने लिखा – “क्या किसी को इसका कारण पता है? लगता है यह कोई अफवाह है…काश ऐसा ही होता।”
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया – “OMG... विश्वास नहीं हो रहा। भगवान से कहो कि नीचे आ जाएं और ये सब ठीक कर दें।”
वहीं, कई लोगों ने बस एक लाइन में अपना दर्द बयान किया – “यकीन नहीं हो रहा कि अब आप नहीं होंगी…”
फैंस का ये रिएक्शन दर्शाता है कि शेफाली लोगों के दिलों में कितनी गहराई से बसी थीं।
‘कांटा लगा’ से पहचान, ‘बिग बॉस 13’ से दोबारा पाई सुर्खियां
शेफाली जरीवाला ने साल 2002 में ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से अपनी पहचान बनाई थी और वो एक ग्लैमरस पॉप आइकन बन गई थीं। इसके बाद उन्होंने टीवी और फिल्मों में भी काम किया, लेकिन बिग बॉस 13 में वापसी कर उन्होंने फैंस को अपने व्यक्तित्व का नया पक्ष दिखाया।
2014 में उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से शादी की और उसके बाद से वो थोड़ी लाइमलाइट से दूर हो गईं। हालांकि, वो कभी-कभार एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में अपनी झलक जरूर दिखाती थीं।