लोकप्रिय टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता और कवि शैलेश लोढ़ा इन दिनों अपनी बेटी स्वारा लोढ़ा की शादी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में स्वारा विवाह बंधन में बंधीं, जिसके बाद शादी समारोह की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यह भव्य समारोह मुंबई के बांद्रा स्थित ताज लैंड्स एंड होटल में आयोजित किया गया, जहां राजनीति, मनोरंजन और अन्य क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। शादी को निजी रखा गया था और मीडिया को समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया था, लेकिन कार्यक्रम में शामिल मेहमानों द्वारा साझा किए गए वीडियो अब इंटरनेट पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। इन्हीं वायरल क्लिप्स में शैलेश लोढ़ा अपनी बेटी की शादी की खुशियों में डूबे नजर आ रहे हैं।
बेटी की शादी में गाया गीत, जश्न में जमकर झूमे शैलेश लोढ़ाशादी समारोह में मशहूर सूफी गायक कैफ साबरी और हमजा साबरी ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों ने समारोह की कुछ खास झलकियां अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि संगीत कार्यक्रम के दौरान शैलेश लोढ़ा भी कलाकारों के साथ सुर मिलाते हुए नजर आते हैं। इतना ही नहीं, वे बेटी के इस खास अवसर पर पूरे उत्साह के साथ गाते, मुस्कुराते और जश्न का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।
इन वायरल वीडियो में कई सोशल मीडिया यूजर्स ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी पर भी ध्यान दिया है। हालांकि, शैलेश लोढ़ा के लंबे समय तक लोकप्रिय रहे शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के किसी अन्य कलाकार को इन वीडियो में नहीं देखा गया। दिलचस्प बात यह भी है कि शैलेश लोढ़ा ने अब तक अपनी बेटी की शादी से जुड़ी कोई तस्वीर या वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा नहीं किया है।
'तारक मेहता' छोड़ने के बाद क्या कर रहे हैं शैलेश लोढ़ा?'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से अलग होने के बाद शैलेश लोढ़ा ने छोटे पर्दे पर कई अलग-अलग भूमिकाओं में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उन्होंने कुछ कार्यक्रमों में होस्ट के रूप में काम किया और बाद में फिक्शन शो 'एडवोकेट अंजलि अवस्थी' में एडवोकेट रमेश पटेल की भूमिका निभाई। उनके अभिनय को सराहा गया, लेकिन शो दर्शकों के बीच अपेक्षित लोकप्रियता हासिल नहीं कर सका।
कम टीआरपी के चलते निर्माताओं ने इस धारावाहिक को इसी वर्ष मई महीने में बंद करने का फैसला लिया। फिलहाल शैलेश लोढ़ा ने अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। उनके प्रशंसक अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि वह आने वाले समय में किस नए टीवी शो, वेब सीरीज या अन्य मनोरंजन परियोजना के जरिए एक बार फिर पर्दे पर वापसी करेंगे।