कब फार्महाउस पहुंचे, वहां क्या क्या हुआ..., सतीश कौश‍िक के मौत मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस

मशहूर एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक का 66 साल की उम्र में आज 8 मार्च 2023 गुरुवार तड़के निधन हो गया। बताया जा रहा है कि सतीश कौशिक का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ। सतीश कौशिक की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ये जानना चाहती है कि जिस फार्महाउस में सतीश कौशिक की तबीयत बिगड़ी थी, वहां वे कब पहुंचे थे और वहां क्या क्या हुआ? इतना ही नहीं जो लोग सतीश कौशिक को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, पुलिस उनके भी संपर्क में है।

दरअसल, सतीश कौशिक 7 मार्च को मुंबई में शबाना आजमी के घर होली पार्टी में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने अपने करीबियों संग खूब होली खेली थी। उन्होंने इसकी तस्वीरें भी ट्विटर पर शेयर की थीं। इसके बाद वे 8 मार्च को दिल्ली में अपने परिवार के साथ होली मनाने पहुंचे थे। वे बिजवासन के फार्महाउस में होली खेलने पहुंचे थे। यहां रात 11 बजे उन्हें बेचैनी महसूस हुई। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें Fortis हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्होंने देर रात में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस को अस्पताल ले जाने से पहले किसी तरह की कोई जानकारी नही दी गई थी। लेकिन उनकी मौत के बाद अस्पताल की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई थी। ऐसे में पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं लग रहा है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उनका पोस्टमार्टम दिल्ली के हरिनगर के दीन दयाल अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा कराने का फैसला किया।

बता दे, सतीश कौशिक का पोस्टमार्टम हो चुका है। अब उनके पार्थिव शरीर को एयर एंबुलेंस से मुंबई ले जाया जाएगा। वहां मुंबई में एक्टर के घर पर जावेद अख्तर से लेकर अनुपम खेर समेत तमाम स्टार्स भी पहुंचे। स्टार्स ने एक्टर की फैमिली से मुलाकात की।