'सरके चुनर तेरी सरके' विवाद: CBFC ने साफ किया, गाने को नहीं दिया सर्टिफिकेट

केवीएन प्रोडक्शन्स की पैन इंडिया फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ भले ही अब सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया हो, लेकिन इसके इर्द-गिर्द चल रही बहस अभी भी थमी नहीं है। 14 मार्च को रिलीज़ होने के बाद इस गाने ने विवाद की आग लगा दी थी, जिसके कारण मेकर्स को इसके हिंदी वर्जन को सभी प्लेटफॉर्म्स से हटाना पड़ा। इस गाने को लेकर अभिनेत्री नोरा फतेही ने भी प्रतिक्रिया दी और इसे हटाए जाने पर अपनी संतोष जाहिर की। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले उन्होंने इसका कन्नड़ वर्जन शूट किया था और जब उन्होंने हिंदी वर्जन सुना, तो उन्होंने पहले ही मेकर्स को चेताया था कि इसके लिरिक्स विवाद पैदा कर सकते हैं।

अब इस मामले पर सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने भी स्पष्ट बयान जारी किया है।
CBFC ने नहीं दिया सर्टिफिकेट

सीबीएफसी ने कहा है कि ‘केडी: द डेविल’ के इस विवादित गाने के लिए उन्हें किसी भी तरह का सर्टिफिकेशन एप्लीकेशन प्राप्त नहीं हुआ। बोर्ड ने साफ किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज़ होने वाले कंटेंट को CBFC प्रमाणित नहीं करता। इसके अलावा बोर्ड ने यह भी कहा कि अक्सर डिजिटल सामग्री को लेकर भ्रम फैल जाता है और लोगों द्वारा सीबीएफसी को इस मामले में घसीटा जाता है, जबकि इसका बोर्ड से कोई लेना-देना नहीं होता।

सीबीएफसी ने विशेष रूप से यह उल्लेख किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद किसी भी गाने, वीडियो या अन्य कंटेंट का प्रमाणन बोर्ड के दायरे में नहीं आता।

सीबीएफसी का बयान

CBFC के अध्यक्ष की ओर से कहा गया, यह स्पष्ट किया जाता है कि हमें फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' के प्रमाणीकरण के लिए कोई आवेदन नहीं मिला। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद कोई भी कंटेंट CBFC द्वारा प्रमाणित नहीं होता। अक्सर इस बारे में भ्रम फैल जाता है और CBFC को अनावश्यक रूप से मामले में घसीटा जाता है। हमारी संस्था जिम्मेदार है और फिल्म में महिलाओं के चित्रण को संवेदनशीलता से देखती है। इस विवादित गीत के संबंध में सभी प्रश्न निर्माताओं और प्लेटफॉर्म से ही पूछे जाने चाहिए।

विवाद की वजह

यह गाना नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया था और इसके डबल मीनिंग वाले लिरिक्स और भद्दे अंदाज के कारण विवादित हो गया। रिलीज़ होते ही इसके लिरिक्स को लेकर सोशल मीडिया पर और दर्शकों के बीच सवाल उठने लगे, जिससे इसे प्लेटफॉर्म्स से हटाने की मांग हुई।

फिल्म में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, वी. रविचंद्रन, रेशमा नानाइया, रमेश अरविंद और जिस्सू सेनगुप्ता जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

इस विवाद ने यह साफ कर दिया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज़ कंटेंट के लिए सीबीएफसी का प्रमाणन जरूरी नहीं होता, और विवाद की स्थिति में जिम्मेदारी सीधे निर्माताओं और प्लेटफॉर्म्स की होती है।