सुपरस्टार सलमान खान ने हाल ही में भतीजे अरहान खान के पॉडकास्ट डंब बिरयानी में एक चौंकाने वाला किस्सा सुनाया। सलमान ने कहा कि आईफा अवार्ड के बाद मैं अपने भाई सोहेल खान, एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और उनकी मां पूनम सिन्हा के साथ श्रीलंका से वापस लौट रहा था। शुरुआत में फ्लाइट का सफर बिल्कुल सामान्य था, लेकिन अचानक जोरदार टर्बुलेंस शुरू हो गया। शुरुआत में यह सामान्य झटके महसूस हुए, लेकिन कुछ ही देर में यह स्थिति काफी डरावनी हो गई। फ्लाइट में सन्नाटा और घबराहट छा गई थी।
जब मैंने सोहेल की तरफ देखा, तो वह बिल्कुल आराम से सो रहा था, जैसे कुछ हुआ ही न हो। मैं घबराया हुआ था और मैंने देखा कि एयर होस्टेस प्रार्थना कर रही थीं। पायलट भी तनाव में थे, जबकि वे हमेशा शांत रहते हैं। फ्लाइट में अचानक ऑक्सीजन मास्क गिर गए, जिससे सभी यात्री घबराकर डर गए। यह बिल्कुल फिल्मी सीन लग रहा था। अब तक ऐसी चीजें सिर्फ फिल्मों में देखी थीं, लेकिन इस बार यह असल जिंदगी में हो रहा था। यह देखकर सभी यात्री दहशत में आ गए। 45 मिनट तक चले इस खौफनाक टर्बुलेंस के बाद अचानक स्थिति शांत हो गई।
फिर सभी यात्री सामान्य हो गए और हंसी-मजाक करने लगे। लेकिन कुछ ही समय बाद, टर्बुलेंस फिर से शुरू हो गया, जिससे सभी यात्री एक बार फिर घबराए। हर कोई चुप हो गया और फ्लाइट लैंड होने तक कोई कुछ नहीं बोला। जैसे ही फ्लाइट लैंड हुई, सबकी चाल बदल गई, सब 'स्टड' बन गए थे। उल्लेखनीय है कि सलमान इन दिनों ‘सिकंदर’ मूवी की शूटिंग में बिजी हैं। इसमें रश्मिका मंदाना, काजल अग्रवाल, सत्यराज, शरमन जोशी और प्रतीक बब्बर भी हैं।
संजय दत्त ने इसलिए कर दिया था प्रॉपर्टी लेने से इनकारदिग्गज एक्टर संजय दत्त 40 से भी ज्यादा साल से बॉलीवुड में छाए हुए हैं। आज भी लोगों में उनके लिए जबरदस्त क्रेज और दीवानगी देखने को मिलती है। अब उनकी एक ऐसी फैन की कहानी सामने आई है जिसने ‘संजू बाबा’ के नाम 72 करोड़ की प्रॉपर्टी कर दी थी। दरअसल निशा पाटिल नाम की महिला ने मौत से पहले साल 2018 में संजय के नाम अपनी सारी प्रॉपर्टी कर दी। संजय ऐसी फैन के बारे में सुनकर सोच में पड़ गए थे।
संजय को उस समय हैरानी हुई जब पुलिस ने उन्हें जानकारी दी कि उनकी एक फैन निशा पाटिल ने अपनी 72 करोड़ रुपए की संपत्ति उनके नाम कर दी है। निशा ने बैंकों को भी पत्र लिखकर संपत्ति के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा था। हालांकि संजय ने यह संपत्ति लेने से साफ इनकार कर दिया। उनके वकील ने पुष्टि की कि संजय का निशा से कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं था और उन्होंने इसे स्वीकार करना उचित नहीं समझा।
बता दें यूं तो फिल्म स्टार्स के बड़े-बड़े फैन होते हैं जो उन्हें दिलो जान से चाहते हैं, लेकिन ऐसे फैन के बारे में शायद ही किसी ने सुना हो। संजय के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे पिछले कुछ समय से साउथ सिनेमा में भी एक्टिव हैं। वे 'केजीएफ चैप्टर 2' में यश और 'लियो' में थलपति विजय के साथ नजर आए। संजय ने साल 1981 में ‘रॉकी’ फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। वे जल्द ही ‘वेलकम 3’ मूवी में नजर आ सकते हैं।