फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुई घटना के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा हो रही है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान के कॉकपिट तक पहुंचने और यात्रियों की मदद करने वाले कैप्टन की अब बॉलीवुड से भी सराहना मिली है। अभिनेता सलमान खान ने सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए उन्हें सलाम किया।
सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन स्मित मच्छार को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं, आपके साथ उड़ान भरने में मजा आएगा.. शाबाश भाई.. कैप्टन #SmitMachchhar।” सलमान की इस पोस्ट में कैप्टन की हिम्मत और मुश्किल परिस्थिति में किए गए प्रयास की सराहना की गई।
रणवीर सिंह ने भी बढ़ाया हौसलासलमान खान से पहले अभिनेता रणवीर सिंह ने भी कैप्टन स्मित मच्छार के प्रति सम्मान जताया। रणवीर ने इंस्टाग्राम पर कैप्टन की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें “कैप्टन करेजियस” यानी साहसी कैप्टन कहा। पोस्ट के साथ उन्होंने सैल्यूट और भारतीय झंडे वाले इमोजी का इस्तेमाल किया। उन्होंने अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना ‘जान से गुजरते हैं’ भी पोस्ट के बैकग्राउंड में लगाया।
कैसे घायल हुए थे कैप्टन स्मित मच्छारबुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के कॉकपिट में ओमान के एक को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया था। इस घटना में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें वह खून से लथपथ हालत में कॉकपिट के दरवाजे पर दिखाई दिए।
घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी हालत ठीक बताई गई। इस घटना के बाद उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की जा रही है।
पीएम मोदी से बातचीत में कैप्टन ने बताई उस वक्त की स्थितिशुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार ने घटना के दौरान अपनी स्थिति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता था कि विमान नीचे जा रहा था और घायल होने के बावजूद वह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे।
कैप्टन ने बताया, “मुझे पता था कि विमान नीचे जा रहा है... मैं ज़मीन पर गिर गया था। मैंने खुद से कहा कि दरवाज़ा ठीक वहीं है, बस उसे खोलना है। मैं ऐसा करने में कामयाब रहा और लोग अंदर आ गए।”
कैप्टन स्मित मच्छार ने यह भी बताया कि उस मुश्किल घड़ी में वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। उनके इस बयान से घटना के दौरान उनके सामने मौजूद परिस्थितियों और उनके प्रयासों की जानकारी मिलती है।