अभिनेत्री रश्मिका मंदाना मौजूदा समय में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के साथ बॉलीवुड में भी जबरदस्त लोकप्रिय हैं। खास तौर से ‘एनिमल’ के बाद रश्मिका की फैन फॉलोइंग में तगड़ा इजाफा हुआ है। फिलहाल वह 5 दिसंबर को रिलीज हुई उनकी मूवी ‘पुष्पा 2 : द रूल’ के कारण सुर्खियां बटोर रही हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया है। ‘पुष्पा : द राइज’ की जैसे रश्मिका ने एक बार फिर ‘श्रीवल्ली’ की भूमिका को दमदार तरीके से निभाया है। इस बीच रश्मिका की अपकमिंग फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ का ऑफिशियल टीजर सामने आ गया है।
इसे गीता आर्ट्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। यह रोमांटिक ड्रामा मूवी है। रश्मिका ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का टीजर साझा करते हुए लिखा, “आखिरकार यह प्रोजेक्ट आप लोगों से मिलने के लिए तैयार है...मुझे पता है कि हमने आपको बहुत लंबे समय तक इंतजार करवाया है, लेकिन 'द गर्लफ्रेंड' का टीजर रिलीज हो गया है।” टीजर में आप देख सकते हैं कि रश्मिका एक कॉलेज स्टूडेंट के रोल में हैं।
उनके साथ साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता दक्षित शेट्टी का भी अहम किरदार है। राहुल रविंद्रन के डायरेक्शन में बन रही ‘द गर्लफ्रेंड’ के तेलुगु भाषा के इस टीजर को रश्मिका के रूमर्ड बॉयफ्रेंड विजय देवरकोंडा ने नरेट किया है। यह 1 मिनट 34 सैकंड का टीजर फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
अभी मूवी की रिलीज डेट का खुलासा नहीं हुआ है। यह फिल्म एक पैन इंडिया मूवी होगी, जिसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज किया जाएगा। रश्मिका इस समय काफी बिजी हैं। उनके पास सुपरस्टार सलमान खान की ‘सिकंदर’, विक्की कौशल की ‘छावा’ और रणबीर कपूर की ‘एनिमल पार्क’ जैसी मूवी भी हैं।
अमिताभ बच्चन ने जताया ‘पुष्पा 2’ फेम अल्लू अर्जुन का आभारसाउथ इंडियन स्टार अल्लू अर्जुन की मूवी 'पुष्पा 2 : द रूल' इस समय थिएटर्स में धमाल मचा रही है। फिल्म ने भारत में रिलीज के चार दिनों में ही सभी भाषाओं में कुल 529.45 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। अल्लू ने हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की जमकर तारीफ की थी।
जब उनसे पूछा गया कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कौनसे अभिनेता उन्हें प्रेरित करते हैं, तो अल्लू ने कहा कि मुझे सबसे ज्यादा अमिताभजी प्रेरित करते हैं। हम बचपन से उनकी फिल्में देखकर बड़े हुए हैं। बड़े होते समय उनका हम पर गहरा प्रभाव था। मैं उनका बड़ा फैन हूं। इस उम्र में वे जिस तरह से अभिनय कर रहे हैं, वह वाकई शानदार है। अमिताभ से यह प्रशंसा सुन रहा नहीं गया और अब उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट से अल्लू का आभार जताया है।
अमिताभ ने लिखा, “अल्लू अर्जुन जी, आपके इन शब्दों से मैं बहुत अभिभूत हूं। आपने मुझे उससे ज्यादा दे दिया है जिसका मैं हकदार हूं। हम सभी आपके काम और प्रतिभा के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। आप हम सभी को प्रेरित करते रहें। आपकी निरंतर सफलता के लिए मेरी प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं।” बता दें अमिताभ की विनम्रता ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी खूब झलकती है। कंटेस्टेंट्स और सेलेब्स से जमकर तारीफ मिलने के बाद भी उनके पैर जमीन पर ही रहते हैं। अमिताभ की पिछली दो फिल्में ‘वेट्टैयन’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ साउथ इंडियन मूवीज ही रही हैं।