मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ राखी सावंत-आदिल दुर्रानी का निकाह, वकील ने कहा - शादी बिल्कुल कानूनी

एंटरटेनमेंट क्वीन राखी सावंत अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक बार फिर चर्चा में है। राखी सावंत ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्होंने और आदिल खान दुर्रानी ने 7 महीने पहले निकाह कर लिया था। इस निकाह में राखी ने अपना नाम बदलकर फातिमा रखा था। हालाकि, आदिल इस बारे में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। राखी सावंत ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कियाहै। इसमें आदिल कहते दिख रहे हैं कि वह दर्शकों को 10-12 दिन बाद बताएंगे कि उन्होंने राखी के साथ शादी की है या नहीं। उन्हें सिर्फ 10-12 दिन का टाइम चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ राखी सावंत की वकील फाल्गुनी ब्रह्मभट्ट ने दावा किया कि यह शादी बिल्कुल कानूनी है।

उन्होंने आईएएनएस को बताया, 'यह बिल्कुल भी नकली शादी नहीं है। सबसे पहले निकाह किया गया और सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और उस निकाह को रजिस्टर्ड भी किया गया। एक उचित निकाहनामा है। निकाह करने के बाद मुंबई में एक प्रक्रिया है कि आपको अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन नगर निगम में कराना होता है।'

उन्होंने कहा - 'इसलिए राखी और आदिल ने नगर निगम में फॉर्म भरकर ऑफिस जाकर अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। उन्होंने शादी का सर्टिफिकेट भी ले लिया। इस प्रकार, एक उचित निकाहनामा और विवाह प्रमाण पत्र है और मुझे नहीं पता कि आदिल शादी से इनकार या संकोच क्यों कर रहा है। शायद कुछ निजी कारण रहे होंगे।'

उन्होंने कहा, 'राखी जो कुछ भी कह रही हैं और जो तस्वीरें साझा कर रही हैं, वे सभी वास्तविक हैं और इसमें कुछ भी अवैध या नकली नहीं है। यह सौ फीसदी कानूनी शादी है।'

राखी और आदिल की शादी 29 मई, 2022 को हुई थी। हालांकि, उन्होंने इसे छुपा कर रखा था। यह एक निजी मामला था। उसने अपने निकाह के लिए इस्लाम भी कबूल कर लिया है।

उनके वकील ने कहा, 'हां, राखी ने अपने निकाह के लिए इस्लाम धर्म अपना लिया है और शादी के बाद उनका नाम राखी सावंत फातिमा है।'