2 News : रजनीकांत की नई फिल्म से सामने आया उनका धांसू लुक, इस एक्ट्रेस ने शेयर किया मैटरनिटी शूट का वीडियो

साउथ फिल्म इंडस्ट्री पर कई सालों से राज कर रहे सुपरस्टार रजनीकांत (73) को उनके फैंस भगवान की तरह पूजते हैं। रजनीकांत को लेकर आज भी उतना ही क्रेज दिखता है, जितना उनके करिअर के पीक पर था। ऐसा नहीं है कि सिर्फ दक्षिण भारत में ही रजनीकांत की तूती बोलती है, वे देश के अन्य हिस्सों में भी जबरदस्त लोकप्रिय हैं। पिछले साल रिलीज हुई रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ ने इस बात को बखूबी साबित किया।

‘जेलर’ ने देश के साथ पूरी दुनिया में धमाल मचा दिया और बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की। बहरहाल हम बात कर रहे हैं रजनीकांत की अगली फिल्म की। वे जल्द ही डायरेक्टर लोकेश कनगराज के साथ नई फिल्म लेकर आ रहे हैं। मेकर्स ने 'थलाइवर 171' मूवी का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया है। इसमें रजनीकांत का धांसू लुक नजर आ रहा है। फिल्म का टाइटल फिलहाल सामने नहीं आया है।

‘लियो’ और ‘विक्रम’ जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले लोकेश का रजनीकांत के साथ यह पहला प्रोजेक्ट है। लोकेश ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म के बारे मं अपडेट दिया। फिल्म का टाइटल 22 अप्रैल को रिवील किया जाएगा। पोस्टर में रजनीकांत सोने की घड़ी से बनी हुई हथकड़ी पहने दिख रहे हैं।

उन्होंने गोल्डन फ्रेम वाला सनग्लास भी कैरी किया हुआ है। पोस्टर के बैकग्राउंड मैकेनिकल है, जिसमें घड़ी की मैकेनिज्म देखने को मिलती है। फिल्म प्री-प्रोडक्शन फेज पर है, जो इस साल के अंत तक रिलीज हो सकती है। प्रोडक्शन सन पिक्चर्स कर रहा है, जिन्होंने पिछले साल सितंबर में इसका ऐलान किया था। फिल्म में शिवकार्तिकेयन का भी खास रोल है।

जल्द ही दूसरे बच्चे की मां बनने वाली हैं टीवी एक्ट्रेस मोहिना कुमारी सिंह

एक्ट्रेस मोहिना कुमारी सिंह ने टीवी शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में 'कीर्ति गोयनका सिंघानिया' के किरदार से लोगों का खूब प्यार बटोरा। वह जल्द ही दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। साल 2019 में मोहिना ने सुयश रावत संग शादी की थी। मोहिना ने कुछ दिन पहले प्रेग्नेंसी की घोषणा की। अब उन्होंने बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए एक वीडियो शेयर कर डिलीवरी डेट के बारे में भी जानकारी दी।

मोहिना ने अपने इंस्टा हैंडल पर जो वीडियो अपलोड किया, उसमें उनके मैटरनिटी शूट की कई प्यारी तस्वीरें हैं। मोहिना ने पिंक कलर की साड़ी पहनी हुई है, जिस पर पत्तों का पैटर्न बना हुआ है। दिवा ने साड़ी को व्हाइट कलर के ब्लाउज के साथ पेयर किया। मेकअप का हल्का टच, गुलाब से सजे बालों का जूड़ा और बिंदी ने उन्हें और आकर्षित बना दिया।

एक फोटो में मोहिना को सुयश के साथ पोज देते देखा जा सकता है। सुयश ने व्हाइट शर्ट, बेज रंग का कोट और काली पैंट पहनी है। अन्य तस्वीरों में सुयश और मोहिना के बेटे अयांश मां के बेबी बंप को निहार रहे हैं। मोहिना ने खुलासा किया कि उनकी डिलीवरी डेट कुछ दिनों के भीतर है और वह अपने परिवार को पूरा करने के लिए नए सदस्य का ज्यादा इंतजार नहीं कर सकतीं।