प्रियंका का हॉलीवुड प्रोजेक्ट माँ आनन्द शीला पर, अभिनय के साथ निर्माण

भारतीय मूल की अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) पूरी तरह से हॉलीवुड फिल्मों में व्यस्त हो गई हैं। बॉलीवुड में उनके खाली स्थान को भरने के लिए कई और अभिनेत्रियों ने शुरूआत कर दी है। दो दिन पूर्व ही प्रियंका (Priyanka Chopra) ने अपनी अगली हॉलीवुड फिल्म की घोषणा की है जो आचार्य रजनीश की सबसे निकट एवं विश्वासपात्र रहीं माँ आनन्द शीला के जीवन से प्रेरित है। इस फिल्म की पटकथा पर प्रियंका चोपड़ा फिल्मकार बैरी लेविनसन के साथ काम कर रही हैं। प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) ने कहा है कि वह इस फिल्म का निर्माण भी करेंगी।

कहा जा रहा है कि इसे एक थ्रिलर फिल्म की तरह प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें गुरुडम, आश्रम की भीतरी राजनीति, सेक्स का तडक़ा और हत्या का संदेह इत्यादि सब कुछ शामिल होगा। आचार्य रजनीश की मृत्यु के समय यह संदेह व्यक्त किया जा रहा था कि उनकी हत्या की गई है।

यह सर्वविदित है कि आचार्य रजनीश ने सबसे अधिक संख्या में किताबें बांची थीं और हर किताब का उन्होंने गहराई से अध्ययन किया था। भारत के पुणे और अमेरिका के ऑरेगान में उनके द्वारा रचे आश्रम सुनियोजित संस्थाएँ थीं और माँ आनन्द शीला इन संस्थाओं का संचालन करती थीं। उन पर आचार्य रजनीश की हत्या की साजिश रचने का आरोप था।

प्रियंका चोपड़ा की यह फिल्म बॉयोपिक की तरह बनेगी और इसे बनाने के लिए प्रियंका ने हॉलीवुड के कुछ बड़े स्टूडियोज से सम्पर्क भी किया है। इस बीच उनकी राइटिंग टीम ने इस फिल्म की पटकथा लिखनी शुरू कर दी है। हाल ही में वे अमेरिका के मशहूर टॉक शो ‘दि एलन डिजेनेरेस’ में अपनी नई हॉलीवुड फिल्म ‘इजंट इट रोमेंटिक’ को प्रमोट करने पहुँची थी। इस दौरान उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में भी बात की।

इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, मैं बैरी लेविनसन के साथ एक फीचर तैयार कर रही हूँ। हम स्क्रिप्ट को माँ शीला के नजरिए से तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत में जन्मी माँ शीला एक आध्यात्मिक गुरु रही हैं। वह ओशो के बेहद करीब रहीं और उन्हें कुटिल महिला के तौर पर देखा जाता है। मैं इस प्रोजेक्ट में अभिनय करने के साथ ही इसका निर्माण भी कर रही हूँ।