'परी, मैं तुम्हें ढूंढ...' शेफाली जरीवाला की याद में टूटे पराग त्यागी, भावुक वीडियो शेयर कर बयां किया दिल का दर्द

शेफाली जरीवाला की असमय मृत्यु ने उनके परिवार और फैंस को झकझोर कर रख दिया। उनकी जिंदगी के साथी पराग त्यागी, जो अक्सर शांत और मजबूत नजर आते थे, इस सदमे से पूरी तरह टूट गए हैं। अपनी पत्नी की याद में उन्होंने हाल ही में एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी की आंखें नम कर दीं।

‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मशहूर शेफाली जरीवाला का 27 जून की रात कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था। सिर्फ 42 साल की उम्र में उनका इस तरह चला जाना, उनके चाहने वालों के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। लेकिन इस दर्द से सबसे ज्यादा प्रभावित अगर कोई रहा है, तो वो हैं उनके पति पराग त्यागी, जिन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे करीबी रिश्ता एक पल में खो दिया।

बीवी की याद में भावुक हुए पराग


बीती रात पराग त्यागी ने सोशल मीडिया पर कुछ अनमोल पलों का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह और शेफाली साथ में मुस्कुराते, घूमते, हंसते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने जो कैप्शन लिखा, उसने हर किसी का दिल छू लिया — परी, हर बार जब तुम पैदा होगी, मैं तुम्हें ढूंढ लूंगा और मैं तुम्हें हर जिंदगी में प्यार करूंगा। मैं तुमसे हमेशा प्यार करता हूं। मेरी गुंडी, मेरी छोकरी।

इस पोस्ट को देखकर हर कोई पराग के दर्द को महसूस कर सकता है। यह सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि एक टूटी आत्मा की पुकार है, जो अपने जीवनसाथी को कभी नहीं भूल सकती।

फैंस ने पराग को दिया हौसला

इस पोस्ट के बाद, सोशल मीडिया पर पराग के लिए संवेदना और समर्थन की लहर चल पड़ी। कमेंट सेक्शन में लोगों ने हिम्मत और दुआओं से भरे शब्दों के जरिए उन्हें सहारा देने की कोशिश की।

किसी ने लिखा, भगवान तुम्हें हील करने की ताकत दें।

तो कोई बोला, आपका प्यार अमर रहेगा। मजबूत रहो पराग भाई, हम सब आपके साथ हैं।

देश के कोने-कोने और विदेशों से भी लोग पराग को भावनात्मक सहारा देने के लिए आगे आए।

शेफाली और पराग की प्रेम कहानी

इन दोनों की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी। 'पवित्र रिश्ता' फेम एक्टर पराग त्यागी पहली नजर में ही 'कांटा लगा गर्ल' शेफाली जरीवाला पर दिल हार बैठे थे। बातचीत बढ़ी, दोस्ती हुई और फिर प्यार में बदल गई। कुछ समय डेट करने के बाद, दोनों ने साल 2014 में शादी कर ली थी। दोनों की बॉन्डिंग और कैमिस्ट्री हमेशा सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती थी।

शेफाली के जाने से पराग की जिंदगी जैसे अधूरी हो गई है। लेकिन जिस तरह उन्होंने भावनाओं को शब्दों में पिरोकर साझा किया, वह लाखों दिलों को छू गया है। शायद यही सच्चे प्यार की सबसे खूबसूरत परिभाषा है — तुम हर जन्म में आओ, मैं हर बार तुम्हें ढूंढ लूंगा...