ऑस्कर अकादमी मुंबई में खोलेगी दुनिया का तीसरा कार्यालय

सिनेमा के सबसे बड़े और विश्व प्रतिष्ठित ऑस्कर पुरस्कार प्रदान करने वाली हॉलीवुड की एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आट्र्स एंड साइंसेस (एएमपीएएस) मुंबई में अपना कार्यालय खोलेगी। अकादमी की दुनिया में यह अपनी तरह का तीसरा कार्यालय होगा। यह घोषणा एएमपीएएस के अध्यक्ष जॉन बैली और उनकी पत्नी कैरोल लिटलमैन के सोमवार के आगरा दौरे के दौरान की गई। ज्ञातव्य है कि अकादमी के अध्यक्ष जॉन बैली इन दिनों अपनी पत्नी के साथ भारत के दौरे पर आए हुए हैं। सोमवार को उन्होंने आगरा का दौरा किया, उससे पहले वे मुम्बई में थे और मंगलवार को यह लोग दिल्ली में होंगे।
बैली ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से यहाँ मुलाकात की और उनके साथ एक घंटे तक चर्चा की। मुलाकात के बाद बैली ने कहा कि भारतीय फिल्मों को पश्चिम में दिखाने के लिए अंग्रेजी में डब किया जाना चाहिए और हॉलीवुड फिल्मों को हिंदी में डब किया जाना चाहिए। शर्मा ने कहा कि उन्होंने इस बारे में चर्चा की कि उत्तर प्रदेश में किस तरह फिल्म उद्योग को बढ़ावा दिया जा सकता है, और हॉलीवुड के साथ ज्ञान का कैसे आदान-प्रदान किया जा सकता है।