साउथ इंडियन सुपरस्टार नागार्जुन के बेटे नागा चैतन्य विवाह बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने बुधवार (4 दिसंबर) को तेलुगू रीति-रिवाजों के साथ एक्ट्रेस शोभिता धुलिपाला संग शादी रचाई। शादी हैदराबाद के अन्नपूर्णा स्टूडियो में दोनों पक्षों के परिवार, करीबियों और इंडस्ट्री के खास दोस्तों की मौजूदगी में हुई। दोनों की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। वे दूल्हा और दुल्हन के जोड़े में बहुत खूबसूरत लग रहे हैं।
नागा ने लीजेंडरी ग्रैंडफादर अक्किनेनी नागेश्वर राव की याद में पारंपरिक पंचा पहना, जिसे उन्होंने कुर्ते के साथ पेयर किया। शोभिता ने कांजीवरम सिल्क साड़ी के साथ खास ज्वैलरी पहनी, जिनमें चोकर, हार, इयररिंग्स और मांग टीका शामिल है। उनके बालों को फूलों से सजे ट्रेडिशनल बन में स्टाइल किया गया था, जो उनके दुल्हन के लुक को कंप्लीट कर रहा था। इस बीच नागार्जुन ने बेटे-बहू के लिए पोस्ट करते हुए उन्हें शादी की बधाई दी है।
उन्होंने शोभिता का परिवार में स्वागत किया और शादी की कई तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों में वे नागा और शोभिता संग पोज देते दिखे। नागार्जुन ने पोस्ट कर लिखा, “शोभिता और नागा चैतन्य का नया खूबसूरत चैप्टर मेरे लिए स्पेशल और इमोशनल मोमेंट रहा है। मेरे प्यारे चैतन्य को बहुत बधाई और डियर शोभिता का घर में स्वागत है। तुम पहले ही हमारी जिंदगी में बहुत सारी खुशियां ले आई हो।”
नागा और शोभिता ने अगस्त में की थी सगाईकपल ने 29 नवंबर को हल्दी सेरेमनी और मंगला स्नानम के साथ शादी से पहले की रस्में शुरू की थी। शोभिता ने 2 दिसंबर को पेली कुथुरु सेरेमनी की खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं। कपल ने 8 अगस्त को आधिकारिक तौर पर अपनी सगाई की जानकारी दी थी। शोभिता और नागा का प्यार हैदराबाद में एक बर्थडे पार्टी से शुरू हुआ था, जहां शोभिता अपनी फिल्म 'मेजर' का प्रमोशन कर रही थीं। बता दें कि नागा की ये दूसरी शादी है।
इससे पहले उनकी शादी एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु के साथ हुई थी। शादी ज्यादा लंबी नहीं चली और 4 साल में ही दोनों अलग हो गए। उन्होंने साल 2021 में तलाक का ऐलान कर दिया था। नागा के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म ‘कस्टडी’ थी। दूसरी ओर, शोभिता को ‘मेड इन हैवेन’, ‘बार्ड ऑफ ब्लड’ और ‘द नाइट मैनेजर’ जैसी वेब सीरीज के लिए जाना जाता है। शोभिता को बोल्ड रोल्स के लिए काफी फेम मिली है। पिछली बार वह ‘लव सितारा’ में नजर आई थी।