कोलकाता। संगीत की दुनिया के सरताज उस्ताद राशिद खान का निधन हो गया है। वो 55 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक, उनका इलाज कोलकाता के पियरलेस अस्पताल में 22 नवंबर से चल रहा था। उनके पार्थिव शरीर को कोलकाता के पियरलेस अस्पताल में शाम 6 बजे तक के लिए रखा गया है। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को आज रात के लिए कोलकाता के पीस हेवन अस्पताल में रखा जाएगा। गायक का अंतिम संस्कार कल, 10 जनवरी को किया जाएगा।
पिछले महीने सेरेब्रल अटैक आने के बाद उस्ताद राशिद खान की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी। उन्होंने शुरुआत में टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल में इलाज कराया था। लेकिन फिर बाद में उन्होंने कोलकाता के अस्पताल में अपना इलाज जारी रखा था। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि उन्होंने उस्ताद को बचाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन वह असफल रहे।
ममता बनर्जी ने जताया शोकउस्ताद राशिद खान को साल 2022 में पद्मभूषण पुरस्कार से नवाजा गया था। उनके निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संवेदनाएं जताई हैं। ममता बनर्जी का कहना है कि उस्ताद राशिद खान के अंतिम संस्कार पर उन्हें बंदूकों से सलामी देकर विदा किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को रबींद्र सदन में रखा जाएगा। यहां उनके चाहने वाले उस्ताद को अंतिम अलविदा कह पाएंगे।
उस्ताद राशिद खान का परिचयउस्ताद राशिद खान का जन्म 1 जुलाई 1968 को उत्तरप्रदेश के बदायूं में हुआ था। वो रामपुर-सहसवान घराने से ताल्लुक रखते थे। इस घराने के फाउंडर उस्ताद इनायत हुसैन खान थे, जो राशिद के परदादा थे। अपने संगीत की कला के लिए उन्हें साल 2006 में पद्मश्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया था। कहा जाता है कि जाने-माने पंडित भीमसेन जोशी ने राशिद खान को 'भारतीय संगीत का भविष्य' बताया था।
बचपन में उस्ताद राशिद खान को संगीत में थोड़ी बहुत दिलचस्पी थी। उन्हें निसार हुसैन खान और गुलाम मुस्तफा खान से गाने की ट्रेनिंग मिली थी। 11 साल की उम्र में उस्ताद राशिद खान ने अपना पहला कॉन्सर्ट किया था। 14 साल की उम्र में उन्होंने कोलकाता की आईटीसी संगीत रिसर्च अकादमी को जॉइन किया था। उन्हें अपने गायिकी के अंदाज के लिए जाना जाता था। बॉलीवुड की कई फिल्मों में उन्होंने अपनी आवाज दी।
फिल्मों में गाए ये गानेउनके फेमस गानों में करीना कपूर और शाहिद कपूर की फिल्म 'जब वी मेट' का आओगे जब तुम ओ साजना गाना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'किसना: द वॉरियर पोएट' के गाने काहे उजाड़ी मोरी नींद, तोरे बिना मोहे चैन नहीं, फिल्म 'माय नेम इज खान' का अल्लाह ही रहम, फिल्म 'शादी में जरूर आना' का तू बनजा गली संग अन्य गानों को गाया था।