मुंबई : क्रांति मैदान मे आज CAA के विरोध में प्रदर्शन, बॉलीवुड के ये सितारे भी होंगे शामिल

नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन जारी है। राजधानी दिल्ली समेत देश भर के कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। देशभर में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लेफ्ट पार्टियों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। देश के कई हिस्सों में धारा 144 लगाई गई है। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कई हिस्सों में बड़े प्रदर्शन की संभावना है। मुंबई में भी आज क्रांति मैदान में बड़ा विरोध प्रदर्शन होने वाला है। मुंबई के क्रांति मैदान में होने वाले इस प्रदर्शन में कई बॉलीवुड सेलेब्स भी शिरकत करने वाले हैं। ये विरोध प्रदर्शन शाम 4 बजे से शुरू होकर 7 बजे तक चलेगा।

अभिनेता फरहान अख्तर ने हाल ही में ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी थी। फरहान ने सोशल मीडिया पर नागरिकता संशोधन कानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन से जुड़ी एक तस्वीर ट्वीट की है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि इसके खिलाफ आंदोलन क्यों करना चाहिए। फरहान अख्तर ने ट्वीट में लिखा कि यहां आपको जानने की जरूरत है कि ये प्रदर्शन क्यों जरूरी हैं। आप सभी से 19 तारीख को क्रांति मैदान, मुंबई में मिलते हैं। सिर्फ सोशल मीडिया पर विरोध करने का समय अब खत्म हो चुका है।

फरहान के साथ साथ अभिनेता जावेद जाफरी ने भी ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने लोगों से अगस्त क्रांति मैदान आने का अनुरोध किया। आपको बता दें कि अभी तक स्वरा भास्कर, ऋचा चड्ढा, जीशान अय्यूब, सयानी गुप्ता, रेणुका श्हाणे और हूमा कुरैशी जैसे कई कलाकार नागरिकता संशोधन कानून पर अपना रिएक्शन दे रहे हैं। इसके अलावा बॉलीवुड कलाकारों ने बीते रविवार से जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रों के साथ पुलिस की बर्बरता पर भी ट्वीट किया।

बताते चले की नागरिका संशोधन कानून को लेकर जामिया मिलिया इस्लामिया, दिल्ली के सीलमपुपर इलाके समेत कई जगह हिंसक विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं।

बता दे, लेफ्ट पार्टियों ने केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ बंद बुलाया है। गुरुवार सुबह ही बिहार के कुछ इलाकों में लेफ्ट कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को रोक दिया। दोपहर 2 बजे उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लेफ्ट का प्रदर्शन होगा। इस दौरान परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च होगा और गांधी प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया जाएगा। स्वराज इंडिया समेत कुल 60 संगठन आज लालकिले से अपने प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है।

दिल्ली में आज लेफ्ट का प्रदर्शन है। दोपहर 12 बजे मंडी हाउस में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मंडी हाउस से फिरोज शाह कोटला तक मार्च निकाला जाएगा। वहीं, इससे पहले सुबह 11:45 बजे राजघाट पर हिंदू शरणार्थी इस कानून के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा, भोपाल, बैंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई और जम्मू में भी लेफ्ट का प्रदर्शन है। प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएंगे।