मोनालिसा की पहली फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' की शूटिंग शुरू, एक बेटी का जज़्बा, संघर्ष और सपना होगा परदे पर ज़िंदा

महाकुंभ में माला बेचने वाली एक साधारण लड़की से सोशल मीडिया पर वायरल होकर सबकी चहेती बनी मोनालिसा अब एक नई पहचान बना चुकी हैं—एक एक्ट्रेस की। हाल ही में उनका पहला गाना 'सादगी' रिलीज़ हुआ, जिसे दर्शकों ने खुले दिल से सराहा और भरपूर प्यार दिया। और अब, मोनालिसा ने अपने फिल्मी सफर की पहली सीढ़ी चढ़ते हुए अपनी डेब्यू फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' की शूटिंग उत्तर प्रदेश के इटावा में शुरू कर दी है। इस फिल्म को डायरेक्टर सनोज मिश्रा निर्देशित कर रहे हैं।

इस प्रेरणादायक कहानी में मोनालिसा एक आर्मी ऑफिसर की बेटी का किरदार निभा रही हैं, जो अपने पिता के सपनों और देशभक्ति की विरासत को आगे बढ़ाते हुए डिफेंस सेक्टर में जाने का सपना देखती है और उसके लिए संघर्ष करती है।
फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' की शूटिंग ऐतिहासिक राजा सुमेर सिंह किले में की जा रही है। निर्देशक हैं सनोज मिश्रा, और निर्माता हैं धीरेन्द्र चैबे। मोनालिसा के साथ अमित राव, दिनेश त्रिवेदी और अभिषेक त्रिपाठी भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।

फिल्म का छायांकन साहिल अंसारी ने किया है, संगीत शेखर संतोष का है, और गीतों को सनोज मिश्रा ने कलमबद्ध किया है। स्वर अन्नु प्रिया ने दिए हैं, जबकि डांस कोरियोग्राफी दिलीप मिस्त्री की है। शाहनवाज आलम, पवन सिंह, और सत्यदेव गुप्ता फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर हैं, और संजय भूषण पटियाला सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं।

इस फिल्म की शुरुआत इटावा के एक देवी मां मंदिर में नारियल फोड़कर, आशीर्वाद लेकर की गई। फिल्म मणिपुर की एक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसमें न सिर्फ एक प्रेरणादायक लव स्टोरी, बल्कि बेटी के संघर्ष, हिम्मत और समर्पण की गहराई को भी बखूबी दर्शाया जाएगा।