मोनालिसा ने लाल साड़ी में दिखाया जलवा, 'हम दिल दे चुके सनम' के गाने पर किया परफॉर्म; Video

महाकुंभ मेले में माला बेचने से लेकर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने तक, मोनालिसा ने अपने संघर्ष और प्रतिभा से एक खास पहचान बनाई है। भले ही वह अभी बड़े पर्दे पर नियमित रूप से नजर नहीं आई हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर उनकी मौजूदगी शानदार है। वह अक्सर अपने रील्स से फैंस का दिल जीतती हैं और सोशल मीडिया यूजर्स को उनके नए वीडियो का बेसब्री से इंतजार रहता है। हाल ही में उन्होंने एक रील शेयर की है जिसने पुराने फिल्मी लम्हों की यादें ताजा कर दी हैं।

इस रील में मोनालिसा ने लाल रंग की साड़ी पहनकर सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के मशहूर गाने ‘आंखों की गुस्ताखियां’ पर परफॉर्म किया। मोना के भाव-भंगिमा और खूबसूरती ने उनके फैंस को काफी प्रभावित किया। इस गाने की बात करें तो यह फिल्म की रोमांटिक केमिस्ट्री का एक अहम हिस्सा था और मोनालिसा का परफॉर्मेंस उस खूबसूरत पल की याद दिलाने वाला है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ सलमान और ऐश्वर्या की साथ में आखिरी फिल्म थी, जो 18 जून 1999 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को संजय लीला भंसाली ने निर्देशित किया था, और इसमें अजय देवगन भी अहम किरदार में थे।

वहीं मोनालिसा के वर्कफ्रंट की बात करें तो अब वह फिल्म ‘डायरीज ऑफ मणिपुर’ में नजर आएंगी। सनोज मिश्रा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के इटावा में शुरू हो चुकी है। मोना इस फिल्म में दमदार भूमिका निभा रही हैं और फैंस उन्हें एक नए अंदाज में देखने को लेकर उत्साहित हैं।