डायरेक्टर मोहित सूरी की फिल्म ‘सैयारा’ शुक्रवार (18 जुलाई) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसमें अहान पांडे और अनीत पड्डा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले दिन 20 करोड़ रुपए से ज्यादा बटोर लिए। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों खास तौर से वीकेंड पर इस आंकड़े में जबरदस्त उछाल आएगा। इसका मतलब है कि कमाई के मामले में बॉक्स ऑफिस पर इसकी बल्ले-बल्ले होने वाली है। यह एक म्यूजिकल लव स्टोरी है। फैंस द्वारा फिल्म को शानदार रिस्पोंस मिला है, जिसके बाद लोगों के समझ में नहीं आ रहा है कि इसके प्रमोशन में अहान और अनीत ने हिस्सा क्यों नहीं लिया।
अब एक इंटरव्यू में मोहित ने इसका कारण बताया है। उन्होंने बताया कि ये आइडिया मिलकर बनाया गया था। मोहित ने जस्ट टू फिल्मी के साथ बातचीत में कहा कि यशराज फिल्म्स (YRF) के अक्षय विधानी और आदित्य चोपड़ा ने इस बात को समझा कि अगर किसी फिल्म के लीड एक्टर्स के पास दर्शकों से बात करने के लिए कुछ ठोस न हो, तो इंटरव्यू सिर्फ उसी तरह के सवालों तक सीमित रह जाते हैं जैसे कि सेट पर सबसे शरारती कौन था? या मोहित सूरी के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
हमारा मानना है कि ऐसे सवालों में दर्शकों की असली दिलचस्पी नहीं होती, लेकिन अगर फिल्म का कुछ ठोस हिस्सा पहले ही दर्शकों के सामने आ जाए, तो बातचीत और प्रमोशन का असर कहीं ज्यादा गहरा होता है। हम चाहते थे कि फिल्म की कहानी और गाने खुद बोलें। मोहित ने ‘आशिकी 2’ को याद करते हुए कहा कि जब हम गोवा में शूटिंग कर रहे थे, तो लोग मुझे पहचानने लगे थे, लेकिन उस समय श्रद्धा कपूर और आदित्य रॉय कपूर को ज्यादा लोग नहीं जानते थे।
एक बार जब हम चंडीगढ़ से प्रमोशन करके लौट रहे थे, तो हमारी फ्लाइट के दौरान ही फिल्म का पहला शो शुरू हो गया था। जब हम उतरे, तब तक फिल्म को लेकर पॉजिटिव रिएक्शन आ चुके थे। एयर होस्टेस के स्टाफ ने श्रद्धा और आदित्य को घेर लिया था। लोग उन्हें उनकी एक्टिंग और फिल्म से जुड़ाव के कारण पहचानने लगे थे, न कि सिर्फ उनके लुक्स से। उल्लेखनीय है कि साल 2013 में आई ‘आशिकी 2’ सुपरहिट रही थी।
कपिल के शो की शूटिंग करने के लिए पहुंचे थे परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढाकॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का तीसरा सीजन इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर धमाल मचा रहा है। इस बार सबसे पहले सुपरस्टार सलमान खान गेस्ट बनकर आए थे। इसके बाद दूसरे एपिसोड में ‘मेट्रो इन दिनों’ मूवी की कास्ट नजर आई। फिर क्रिकेटर ऋषभ पंत, युजवेंद्र चहल और गौतम गंभीर शो का हिस्सा बने। चौथे एपिसोड में विजय वर्मा, जयदीप अहलावत जैसे स्टार्स नजर आए।
आज शनिवार (19 जुलाई) के एपिसोड में ‘सन ऑफ सरदार 2’ मूवी के कलाकार अजय देवगन, रवि किशन और मृणाल ठाकुर नजर आएंगे। इस बीच इसके अगले एपिसोड के लिए एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता व राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के नाम पर मोहर लगी थी। दोनों ने शूटिंग भी शुरू कर दी थी, लेकिन फिर उन्हें बीच में ही जाना पड़ गया। दरअसल मशहूर पैपराजी विरल भयानी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट की है। इसमें उन्होंने बताया कि राघव की मां कथित तौर पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 3’ की शूटिंग के दौरान बीमार पड़ गईं।
शुक्रवार को जब यह घटना हुई, तब परिणीति और राघव एपिसोड की शूटिंग कर रहे थे। वहीं मौजूद राघव की मां की तबीयत खराब हो गई, इसलिए उन्हें शूटिंग के बीच में ही अस्पताल ले जाना पड़ा। इसी वजह से शूटिंग भी बीच में ही रद्द करनी पड़ी। अब शो की प्रोडक्शन टीम शूटिंग की अगली तारीख तय करेगी। फिलहाल राघव की मां की हेल्थ और शूटिंग शेड्यूल के बारे में कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं है। उल्लेखनीय है कि परिणीति और राघव की शादी सितंबर 2023 में हुई थी। फैंस इस जोड़ी पर जी भरकर प्यार लुटाते हैं। परिणीति भी राघव के साथ हसीन पलों की झलकियां शेयर करती रहती हैं।