भारत लौटे मिका सिंह, वाघा बॉर्डर पर लगाए भारत माता की जय के नारे, VIDEO

बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह (Mika Singh) हाल ही में एक पाकिस्तानी शादी में परफॉर्म करने की वजह से आलोचनाओं का सामना कर रहे है। उन्हें सोशल मीडिया में काफी ट्रोल किया जा रहा है और ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन AICWA (All India Cine Workers Association) ने भी सिंगर के साथ काम करने पर पाबंदी की घोषणा की है।

खबर है कि मीका सिंह पाकिस्तान से वापस भारत लौट आए हैं। हालांकि वो कब लौटे हैं इसकी जानकारी नहीं मिली है। लेकिन मीका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि वापस आने पर मीका ने वाघा बॉर्डर पर भारत माता की जय के नारे भी लगाए।

मीका ने खुद ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो 15 अगस्त को शेयर किया गया।

वीडियो शेयर करते हुए मीका ने लिखा- 'भारत माता की जय। उन्होंने सभी को गर्मजोशी से स्वागत के लिए शुक्रिया अदा किया। एक बार फिर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। हमारे जवानों को सैल्यूट। हमारे जीवन को बेहतर बनाने के लिए ये किसी भी त्योहार को नहीं मना पाते हैं। जय हिंद।'

हालांकि, मीका सिंह के ट्वीट से सोशल मीडिया में लोग खुश नहीं हैं। एक यूजर ने लिखा- अब क्या फायदा, तेरा करियर तो गया पाकिस्तान में परफॉर्म करने के बाद। दूसरे यूजर ने लिखा- डैमेज हो चुका है।

वीडियो पर क्यों हुआ विवाद ?

बता दें जम्मू-कश्मीर से 'आर्टिकल 370 (Article 370)' हटाया गया, जिसको लेकर पाकिस्तान ने भारतीय सामान के साथ फिल्मों को भी बैन कर दिया है। लेकिन मीका कराची में परवेज मुशर्रफ (Pervez Musharraf) के रिश्तदारों की शादी में परफॉर्म करने पहुंच गए। शो के दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसको पाकिस्तानी पत्रकार ने शेयर किया था। पाकिस्तान में अपने शो के बाद मीका सिंह ट्रोलर्स के निशाने पर भी आ गए थे।