2 News : CM फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे ये सितारे, निजी कार्यक्रम में इस गाने पर झूमे शाहरुख

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आ गए थे। इसमें महायुति गठबंधन को बहुमत मिला। तब से ही वहां की जनता नए मुख्यमंत्री की बाट जोह रही थी। आखिरकार आज गुरुवार (5 दिसंबर) को लोगों का इंतजार खत्म हो गया, जब देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित हुआ। फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवाल को डिप्टी सीएम बनाया गया है।

इस मौके पर बॉलीवुड, क्रिकेट, उद्योग जगत से लेकर तमाम बड़े सितारे इस समारोह के गवाह बने। दो सुपरस्टार सलमान खान और शाहरुख खान वहां स्वैग भरे अंदाज में पहुंचे। रणवीर सिंह और रणबीर कपूर की जुगलबंदी भी देखने को मिली। सलमान ब्लू फॉर्मल सूट और आंखों पर चश्मा लगाए नजर आए। सलमान के साथ कड़ी सुरक्षा थी। शाहरुख भी मौजूद थे। जैसे ही सलमान ने शाहरुख को देखा तो उनके गले लगकर उनका अभिवादन किया।

रणबीर और रणवीर फॉर्मल आउटफिट में थे। रणबीर ने वाइट जैकेट और कुर्ता-पायजामा पहना था। रणवीर ब्लैक आउटफिट और ग्लासेज में कूल लुक में नजर आए। संजय दत्त को ब्लू कलर के पठानी आउटफिट में देखा गया। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पत्नी अंजलि और आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला के साथ शामिल हुए।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक बिजनेस टायकून मुकेश अंबानी छोटे बेटे अनंत और बहू राधिका मर्चेंट के साथ पहुंचे। माधुरी दीक्षित इस समारोह का हिस्सा बनीं। उनके साथ उनके पति डॉ. श्रीराम नेने भी दिखे। इन दोनों के साथ वीडियो में एक्टर और होस्ट मनीष पॉल भी हैं। बताया जा रहा है कि समारोह में करीब 40 हजार लोग शामिल हुए।
शाहरुख खान का वीडियो हो रहा है वायरल, ‘पठान’ फिल्म के गाने पर बांधा समां

शाहरुख खान का एक डांस वीडियो वायरल हो रहा है, जो उनके एक निजी कार्यक्रम के दौरान का है। कार्यक्रम में शाहरुख ने अपनी ही फिल्म ‘पठान’ के चार्टबस्टर गाने पर समां बांध दिया। दिल्ली के निजी कार्यक्रम में शाहरुख ‘झूमे जो पठान’ गाने पर झूमे। उनके डांस मूव्स देख फैंस पूरी तरह से क्रेजी हो उठे। इस दौरान शाहरुख के एक-एक मूव्स पर फैंस भी खुद को डांस करने से रोक नहीं पाए। शाहरुख ने ऑल ब्लैक आउटफिट कैरी किया, जिसमें वे बेहद स्टाइलिश लग रहे थे।

इसके अलावा शाहरुख ने अपनी ही फिल्म 'दिल से' का फेमस सॉन्ग ‘छैय्या छैय्या’ भी गाया। बता दें शाहरुख भले ही 59 साल के हो गए हैं, लेकिन आज भी उनकी एनर्जी देखते ही बनती है। वे स्टेज परफोरमेंस में पूरी जान लगा देते हैं, जिससे उन्हें देखने वाले रोमांचित हो जाते हैं। उल्लेखनीय है कि शाहरुख ने पिछले साल 5 साल बाद बॉलीवुड में कमबैक किया था।

उनकी वापसी जबरदस्त तरीके से यादगार बन गई क्योंकि उन्होंने फैंस को एक के बाद एक तीन सुपरहिट फिल्मों ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ की सौगात दी। शाहरुख 90 के दशक की शुरुआत से दर्शकों का मनोरंजन करते आ रहे हैं। उन्हें लेकर एक अलग ही दीवानगी देखने को मिलती है। अब वे ‘किंग’ फिल्म में अपनी बेटी सुहाना खान और अभिषेक बच्चन के साथ नजर आएंगे।