ममता कुलकर्णी एक बार फिर अपने बदले हुए अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। लंबे समय तक भगवा वस्त्रों में नजर आने के बाद अभिनेत्री अब मॉडर्न लुक में दिखाई दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ रील्स शेयर की हैं, जिनमें वह जंपसूट पहनकर अपने चर्चित गाने ‘भंगड़ा पाले’ पर डांस करती नजर आ रही हैं।
ममता कुलकर्णी का यह वीडियो 25 सितंबर को जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम का है। वह यहां स्टूडेंट्स के एक इवेंट में गेस्ट के तौर पर पहुंची थीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मॉडर्न लुक अपनाया और अपने ही हिट गानों पर डांस किया।
कभी भगवा वस्त्रों में दिखती थीं ममताममता कुलकर्णी ने 2025 में महाकुंभ के दौरान संन्यास का रास्ता अपनाने के बाद काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसी दौरान उन्हें किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर घोषित किया गया था। हालांकि, उनके इस फैसले के बाद विरोध भी हुआ और बाद में उन्हें यह पद छोड़ना पड़ा।
इसके बाद लंबे समय तक ममता भगवा वस्त्रों में नजर आती रहीं। अब पिछले कुछ महीनों में उनके पहनावे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में मौजूदगी का अंदाज बदला हुआ दिखाई दे रहा है। जयपुर के कार्यक्रम की रील्स में भी वह जंपसूट में नजर आईं और मंच पर डांस करती दिखीं।
‘भंगड़ा पाले’ पर किया डांसममता कुलकर्णी ने अपनी सोशल मीडिया रील्स में ‘करण अर्जुन’ के गाने ‘भंगड़ा पाले’ पर डांस किया। वीडियो में वह कार्यक्रम के दौरान अपने पुराने हिट गानों के स्टेप्स करती दिखाई दे रही हैं।
उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया तो यूजर्स ने भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने उनके मॉडर्न लुक और डांस को लेकर सवाल किए और उनके संन्यास के फैसले का जिक्र किया। वहीं कुछ यूजर्स ने उनके डांस को देखकर खुशी जताई और कहा कि उन्हें अब भी अपने पुराने गानों के डांस स्टेप्स याद हैं।
‘लाफ्टर शेफ्स’ में भी नजर आई थींममता कुलकर्णी इससे पहले मार्च में कुकिंग रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स’ में बतौर गेस्ट दिखाई दी थीं। इस दौरान उन्होंने नारंगी रंग की साड़ी पहनी थी। शो में उन्होंने कंटेस्टेंट्स के हाथ का बना खाना खाया और कार्यक्रम में मस्ती भी की।
‘लाफ्टर शेफ्स’ में भी ममता ने अपने सुपरहिट गानों पर डांस किया था। अब जयपुर के कार्यक्रम और सोशल मीडिया पर सामने आई उनकी नई रील्स के बाद उनकी सार्वजनिक मौजूदगी फिर चर्चा में है।
ममता कुलकर्णी की हालिया गतिविधियों में सोशल गैदरिंग और शोज में उनकी मौजूदगी भी देखने को मिल रही है। इसी वजह से उनके प्रशंसकों और दर्शकों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह दोबारा मनोरंजन की दुनिया में वापसी की योजना बना रही हैं।