2 News : महेश भट्ट के साथ बचपन में हुई थी यह घिनौनी हरकत, नागा ने बताया कैसे हुई शोभिता से पहली मुलाकात

महेश भट्ट (77) की गिनती बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर्स में होती हैं। वे अब तक कई शानदार फिल्में बना चुके हैं। फैंस उनके हुनर के कदरदान हैं। महेश फिलहाल बॉलीवुड में ज्यादा एक्टिव नहीं हैं, लेकिन अपनी बातों के चलते वे अक्सर लाइमलाइट में बने रहते हैं। महेश ने हाल ही में अपनी बेटी एक्ट्रेस व फिल्ममेकर पूजा भट्ट के पॉडकास्ट में बचपन में हुई एक घिनौनी घटना के बारे में बताया। महेश ने कहा कि एक बार 4 लड़कों ने अचानक मुझे घेर लिया और दीवार की तरफ पुश किया। उस वक्त मैं बहुत घबरा गया था और रोने लगा। मैं बस यही प्रार्थना कर रहा था कि कोई आए और मुझे इन लड़कों से बचा ले।

फिर वे बोले, पैंट उतारो। जैसे ही वो मेरे ट्राउजर के पास आए तो मैं गिड़गिड़ाने लगा। मैं चिल्लाने लगा कि तुम लोग क्या कर रहो हो। क्यों कर रहो हो मेरे साथ ऐसा। तो उन्होंने कहा कि हम देखना चाहते हैं कि तुम हम में से एक हो या नहीं। तुम्हारी मां एक मुस्लिम महिला थी और फिल्मों में गंदे डांस करती थीं तो तुम्हारा नाम महेश कैसे है। उन लड़कों ने कहा कि बताओ वो अब कहां हैं। हमें सच बताओ और हम तुम्हें जाने देंगे। मैंने उस वक्त हकलाते हुए कहा कि वो हमारे साथ रहती हैं। वो इस वक्त आउटडोर शूट पर गई हैं।

तब किसी ने मुझे थप्पड़ मारा और बोला कि सच बोलो। तब मैंने कहा कि हमारे पिता हम लोगों के साथ नहीं रहते हैं। वो अपनी बीवी के साथ रहते हैं और मेरी मां अंधेरी में रहती हैं। मेरे ऐसा बोलते ही माहौल बदल गया। उन लड़कों ने पकड़ ढीली कर दी और मुझे जाने का इशारा किया। मैं चला तो आया लेकिन जो इमोशनल डैमेज था वह साथ रह गया। इस घटना के बाद से मेरा मां से पूरी तरह से रिश्ता बदल गया और इसमें कड़वाहट घुल गई।

बता दें महेश की मूवी ‘जख्म’ उनकी मां के जीवन पर आधारित थी। महेश के माता-पिता के बारे में बात की जाए तो पिता नानाभाई भट्ट ब्राह्मण और मां शिरीन मोहम्मद अली शिया मुस्लिम थीं। उनके 6 बच्चे थे। महेश ने भी दो शादियां की हैं। महेश की पहली शादी लोरेन ब्राइट से हुई थी, जिनसे उनके बेटी पूजा और बेटा राहुल भट्ट हैं। महेश ने दूसरी शादी एक्ट्रेस सोनी राजदान से की। उनके दो बेटियां शाहीन और आलिया भट्ट हैं।
पत्नी शोभिता धुलिपाला के बिना नहीं रह सकते नागा चैतन्य

साउथ इंडियन एक्टर नागा चैतन्य और एक्ट्रेस शोभिता धुलिपाला ने पिछले साल दिसंबर में शादी कर ली थी। अब एक इंटरव्यू के दौरान नागा ने खुलासा किया है कि उनकी शोभिता संग पहली मुलाकात कहां हुई थी? वे जगपति बाबू के ZEE5 टॉक शो जयम्मु निश्चयमु रा में पहुंचे थे। इस दौरान नागा ने बताया कि हम इंस्टाग्राम पर मिले थे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं अपनी पार्टनर से वहां मिलूंगा। मैं उसके काम से वाकिफ था। एक दिन, जब मैंने शोयू (उसका क्लाउड किचन) के बारे में पोस्ट किया, तो उसने एक इमोजी के साथ कमेंट किया था।

मैंने उससे बातचीत शुरू की और जल्द ही हम मिले। मैं शोभिता को अपना सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम मानता हूं। एक रैपिड-फायर सेगमेंट के दौरान जब नागा से पूछा गया कि वह किस चीज के बिना नहीं रह सकते, तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया, “शोभिता, मेरी पत्नी!” नागा ने अपनी पहली 100 करोड़ी फिल्म ‘थांडेल’ के एक गाने पर शोभिता की रिएक्शन से जुड़ी घटना का भी खुलासा किया। नागा ने हंसते हुए कहा, वह 'बुज्जी थल्ली' गाने की वजह से मुझसे नाराज थीं। दरअसल यह उनका दिया हुआ निकनेम है।

उन्हें लगा कि मैंने निर्देशक (चंदू मोंडेती) से फिल्म में इसे इस्तेमाल करने के लिए कहा है। उन्होंने मुझसे कुछ दिनों तक बात नहीं की - लेकिन मैं ऐसा क्यों करूंगा?” उल्लेखनीय है कि नागा और शोभिता अक्सर एक-दूसरे के लिए अपने प्यार का खुलकर इजहार करते हैं। नागा की पहली शादी एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु के साथ हुई थी। शादी करीब 4 साल ही चली और साल 2021 में उनका तलाक हो गया।