महावतार नरसिम्हा: मुस्लिम दर्शकों की प्रतिक्रिया पर डायरेक्टर का खुलासा, बोले- वे मेरे पास आकर बोले…'

025 में रिलीज हुई एनिमेटेड फिल्म महावतार नरसिम्हा ने बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित सफलता हासिल की है। शुरुआती दिनों से ही वर्ड ऑफ माउथ का जादू इस फिल्म पर चला और अब यह ब्लॉकबस्टर के रूप में दर्ज हो चुकी है। हर आयु वर्ग और हर समुदाय के दर्शकों से इसे शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। सिर्फ 16 दिनों में इसने वर्ल्डवाइड 182.75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस अद्भुत सफलता पर फिल्म के निर्देशक अश्विन कुमार ने खुलकर बातचीत की और खासतौर पर मुस्लिम समुदाय की प्रतिक्रिया को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

प्यार और आस्था की कोई सीमाएं नहीं होतीं

एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में अश्विन कुमार ने कहा— हम सब अपने बच्चों से बेहद भावुक होकर प्यार करते हैं, तो सोचिए ईश्वर का हमसे कितना अटूट प्रेम होगा। यह फिल्म सिर्फ धार्मिक कथा नहीं है, बल्कि यह अंतर्धार्मिक आस्था और भावनाओं का संगम है। प्यार एक वैश्विक भावना है, जैसे आस्था भी सीमाओं से परे है। यही कारण है कि यह फिल्म लगातार दर्शकों के दिलों में जगह बना रही है और इसके कलेक्शन बढ़ते जा रहे हैं।

मुस्लिम दर्शकों की राय ने छू लिया दिल

अश्विन कुमार ने बताया कि विभिन्न धर्मों के लोग उनके पास फिल्म देखने के बाद आए और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा— मेरे पास कई मुस्लिम दर्शक आए और उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने उनकी आस्था को और गहरा किया है। मैं यह नहीं कह रहा कि कोई अपना धर्म बदले। बल्कि यह फिल्म यह समझने में मदद करती है कि आस्था का असली अर्थ क्या है। चाहे आप ईश्वर की प्रार्थना करें, ऊर्जा में विश्वास रखें या ब्रह्मांड को पूजें—यह फिल्म केवल आपको अपनी श्रद्धा को निष्ठापूर्वक अपनाने के लिए प्रेरित करती है।
इतिहास रचती एनिमेटेड फिल्म

महावतार नरसिम्हा निर्देशक अश्विन कुमार की पहली फिल्म है, और इसने भारतीय एनिमेशन सिनेमा के इतिहास में नया कीर्तिमान बना दिया है। हिंदी संस्करण ने 16 दिनों में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है, जो अब तक किसी भी भारतीय एनिमेटेड फिल्म के लिए रिकॉर्ड है। अश्विन कुमार ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया कि इस फिल्म का बजट करीब 40 करोड़ रुपये था, और उन्होंने उम्मीद से कहीं अधिक दर्शकों का प्रेम पाया है।