2 News : कुमार सानू ने मानहानि पर एक्स वाइफ को भेजा लीगल नोटिस, इस फिल्म से नयनतारा का फर्स्ट लुक आउट

इन दिनों दिग्गज गायक कुमार सानू अपने गानों के बजाय पर्सनल लाइफ को लेकर खबरों में चल रहे हैं। एक्ट्रेस कुनिका सदानंद इस समय 'बिग बॉस 19' में हैं और वह सानू के साथ रिलेशनशिप को लेकर कुछ न कुछ किस्से सुनाती रहती हैं। इस बीच सानू की एक्स वाइफ रीटा भट्टाचार्य ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में कई सारी बातें कहीं, जिनमें ये भी कहा कि उन्हें उनकी तीसरी प्रेग्नेंसी के दौरान कितनी मुश्किलें झेलनी पड़ी। उन्होंने सानू और उनके परिवार पर तमाम आरोप लगाए। अब इन आरोपों से आहत सानू ने अपनी वकील सना रईस खान के जरिए रीटा को लीगल नोटिस भेजा है।

सानू की ओर से जारी ऑफिशियल बयान में कहा गया है कि 40 से ज्यादा सालों से श्री कुमार सानू ने संगीत में अपनी आत्मा डाल दी है, लाखों लोगों को खुशी दी है और दुनिया भर में प्यार और सम्मान कमाया है। चोट पहुंचाने वाले झूठ पलभर के लिए शोर मचा सकते हैं, लेकिन वे उस कलाकार की विरासत को कभी नहीं मिटा सकते जिसने पीढ़ियों को जीवनभर संगीत और यादें दी हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी गरिमा, विरासत और पारिवारिक सम्मान की रक्षा के लिए उन्हें बदनाम करने के दुर्भावनापूर्ण कोशिशों का कानून की पूरी ताकत से सामना किया जाए।

किसी भी इंसान या मीडिया प्लेटफॉर्म को किसी पिता के सम्मान को ठेस पहुंचाने या सनसनीखेज खबरों के लिए उनके परिवार के सम्मान का व्यापार करने का अधिकार नहीं है। उल्लेखनीय है कि रीटा ने सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में कहा था कि मैं तीसरी बार प्रेग्नेंट थीं और सानू ने उस दौरान तलाक के लिए मुझे कोर्ट में घसीटा था जब ऑलरेडी मैं दो बच्चों को अकेली संभाल रही थीं। सानू ने मुझे दूध और मेडिकल सपोर्ट देने से भी मना कर दिया था। दूधवाले ने मुझे बताया कि उसे अब और आने से मना किया गया है, लेकिन उसने कहा कि वह मुझे दूध देगा।

यही बात उस डॉक्टर के साथ भी थी जिसने मेरे तीनों बेटों की डिलीवरी कराई थी। मैंने अपने सारे गहने बेच दिए। साल 2005 में मुंबई बाढ़ के दौरान जब मेरे दोनों बेटे लापता हो गए, तब भी सानू को कोई फर्क नहीं पड़ा। बता दें सानू और रीटा ने साल 1980 में शादी की थी। तब सानू बॉलीवुड में स्थापित नहीं थे। साल 1994 में दोनों अलग हो गए। साल 2001 में सानू ने सलोनी भट्टाचार्य के साथ शादी कर ली और उनके दो बेटियां हैं।
‘जवान’ फेम साउथ इंडियन एक्ट्रेस नयनतारा अब ‘महाशक्ति’ फिल्म में आएंगी नजर

नयनतारा साउथ इंडिया की मशहूर एक्ट्रेस हैं। वह कई सालों से अपनी फिल्मों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। नयनतारा ने साल 2023 में एटली की मूवी ‘जवान’ में शाहरुख खान के साथ काम किया था। यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म थी। इसके बाद से नयनतारा की लोकप्रियता बॉलीवुड में भी काफी बढ़ गई। फैंस को उनकी फिल्मों का इंतजार रहता है। अब नयनतारा एक नई फिल्म लेकर आ रही हैं। आज गुरुवार (2 अक्टूबर) को दशहरा के अवसर पर नयनतारा की अपकमिंग फिल्म ‘महाशक्ति’ से उनका फर्स्ट लुक रिवील किया गया है।

नयनतारा ने अपने फैंस को सरप्राइज दिया है और ‘महाशक्ति’ की घोषणा की है। इसमें नयनतारा माता रानी के किरदार में नजर आ रही हैं। हरे रंग की साड़ी और गहने से सृजित हैं। वो माता रानी के लुक में काफी खूबसूरत लग रही हैं। वह हाथ में त्रिशूल लिए माथे पर मुकुट और मुंह नीचा किए हुए हैं। ऐसा लग रहा है कि वो किसी वजह से उदास हैं। नयनतारा ने इसे इंस्टाग्राम पर साझा किया है। इसमें उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में फिल्म के पोस्टर को रिलीज किया है। नयनतारा ने कैप्शन में लिखा, “उसकी दिव्य कृपा बनी रहे। सुंदर सी नई फिल्म लेकर आ रहे हैं।”

इसके साथ ही मेकर्स ने दशहरा की शुभकामनाएं भी दी हैं। इस सुंदर सी और डॉ इशरी के गणेश की फिल्म ‘मुक्कथी अम्मा 2’ को हिंदी में ‘महाशक्ति’ टाइटल दिया गया है। मेकर्स ने अभी ये नहीं बताया है कि फिल्म कब रिलीज होगी। उम्मीद है कि जल्द ही इसका खुलाका किया जाएगा। वर्कफ्रंट की बात करें तो नयनतारा आखिरी बार नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘द टेस्ट’ में नजर आई थीं। इसमें उनके साथ आर माधवन और सिद्धार्थ प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे।