मां बनने के बाद कैटरीना कैफ के लिए बदल गया खूबसूरती का मतलब, कही यह बात

कैटरीना कैफ इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ और पोस्टपार्टम फेज को लेकर चर्चा में हैं। नवंबर 2025 में पति विक्की कौशल के साथ बेटे विहान का स्वागत करने वाली एक्ट्रेस हाल ही में गणपति सेलिब्रेशन के दौरान नजर आई थीं। इस पब्लिक अपीयरेंस के बाद सोशल मीडिया पर उनके लुक और बढ़े हुए वजन को लेकर कई तरह के कमेंट किए गए। कुछ यूजर्स ने उनकी प्रेग्नेंसी से पहले और बाद की तस्वीरें शेयर करते हुए उनके शरीर में आए बदलावों पर टिप्पणी की।

कैटरीना के खिलाफ हुई इस तरह की बॉडी शेमिंग के बीच अली ज़फर, सोनारिका भदौरिया, शिवालिका ओबेरॉय और ऋतिक रोशन जैसे एक्टर्स ने सार्वजनिक तौर पर उनका बचाव किया। इसी दौरान कैटरीना ने भी अपने पोस्टपार्टम एक्सपीरियंस और बदलती ब्यूटी प्रायोरिटीज के बारे में खुलकर बात की है।

पोस्टपार्टम के बाद संवेदनशील हो गई कैटरीना की स्किन

'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' को दिए हालिया इंटरव्यू में कैटरीना कैफ ने बताया कि प्रेग्नेंसी के बाद उनकी स्किन पहले के मुकाबले ज्यादा संवेदनशील हो गई थी। उनके मुताबिक, इस दौर में उनके लिए यह समझना आसान नहीं था कि कौन से प्रोडक्ट्स उनकी त्वचा के लिए सही रहेंगे।

कैटरीना ने बताया कि वह ऐसे प्रोडक्ट्स की तलाश में थीं जो उनकी स्किन को आराम दें, उसे शांत रखें और रिकवर करने में मदद करें। उन्होंने इस दौर को मुश्किल बताते हुए कहा कि प्रेग्नेंसी के बाद त्वचा में हुए बदलावों के कारण उन्हें अपनी स्किनकेयर जरूरतों को नए तरीके से समझना पड़ा।

अब कैटरीना के लिए खूबसूरत दिखने का मतलब क्या है?

कैटरीना ने अपने करियर के शुरुआती दौर को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग की शुरुआत की थी, तब खूबसूरती को लेकर समाज में कई तरह के तय पैमाने और रूढ़िवादी सोच मौजूद थी। हालांकि, समय के साथ खूबसूरती को लेकर उनकी अपनी सोच भी बदली है।

एक्ट्रेस के मुताबिक, अब उनके लिए अच्छा दिखने का मतलब सिर्फ बाहरी रूप से आकर्षक नजर आना नहीं है, बल्कि अच्छा महसूस करना ज्यादा मायने रखता है। वह मानती हैं कि खुद का पूरी तरह ध्यान रखने से मिलने वाली अच्छी फीलिंग का असर आत्मविश्वास पर भी दिखाई देता है।
हेल्दी डाइट से लेकर मेडिटेशन तक, ये हैं कैटरीना की प्रायोरिटीज

कैटरीना ने अपनी उस दिनचर्या के बारे में भी बात की, जिससे उन्हें बेहतर महसूस होता है। उन्होंने हेल्दी डाइट, शरीर में सूजन को कंट्रोल में रखना और एक्टिव रहने जैसी चीजों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

इसके अलावा मेडिटेशन, सुबह एक घंटे तक फोन से दूरी बनाए रखना और दिन की शुरुआत में सबसे पहले नैचुरल रोशनी लेना भी उनके लिए महत्वपूर्ण है। कैटरीना का कहना है कि जब इंसान अंदर से स्वस्थ महसूस करता है तो उसका आत्मविश्वास भी स्वाभाविक रूप से बाहर नजर आता है और इसका असर त्वचा पर भी दिखाई देता है।

बेटे के जन्म के बाद फिल्मों से दूर हैं कैटरीना

बेटे विहान के जन्म के बाद कैटरीना कैफ ने अपनी पर्सनल लाइफ पर ध्यान देने के लिए कुछ समय फिल्म सेट से दूरी बनाई है। फिलहाल वह फिल्मों की दुनिया से दूर हैं और उनकी किसी फिल्म की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उनके किसी शूटिंग शेड्यूल की भी जानकारी तय नहीं है।

इस बीच विक्की कौशल अपनी पत्नी कैटरीना कैफ को सुपरहीरो बता चुके हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर बॉडी शेमिंग के बीच कैटरीना का पोस्टपार्टम अनुभव और खूबसूरती को लेकर बदला नजरिया भी चर्चा में है।

यह भी पढ़ें - कटरीना कैफ के बढ़े वजन पर ट्रोलिंग से नाराज हुए अली जफर, बोले- महिलाओं को पुरुषों के बनाए पैमानों पर मत परखिए