कृति सेनन के राखी ऐड पर कंगना की टिप्पणी के बीच वायरल हुआ एक्ट्रेस का पुराना विज्ञापन, कुनिका सदानंद ने कसा तंज

कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कंगना रनौत के एक पुराने ऐड तक पहुंच गया है। कृति के पहनावे पर कंगना की हालिया टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना का कई साल पुराना रक्षाबंधन विज्ञापन खोज निकाला। इसके बाद उनके पुराने लुक और कृति के विज्ञापन को लेकर ऑनलाइन चर्चा तेज हो गई। इसी बीच एक्ट्रेस कुनिका सदानंद ने भी वायरल पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना पर तंज कसा है।

कंगना का पुराना राखी विज्ञापन चर्चा में

कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद के बीच इंटरनेट यूजर्स ने ज्वेलरी ब्रांड 'नक्षत्र' के लिए कंगना रनौत का पुराना विज्ञापन सामने रखा। इस पोस्टर में कंगना ऑफ व्हाइट रंग की स्ट्रैपलेस ड्रेस में नजर आ रही थीं, जिसमें डीप नेकलाइन थी।

पुरानी तस्वीर सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कंगना के उस समय के पहनावे की तुलना कृति सेनन के हालिया रक्षाबंधन ऐड में पहने कपड़ों से करनी शुरू कर दी।

कुनिका सदानंद ने शेयर किया रिएक्शन

वायरल एक्स पोस्ट को कुनिका सदानंद ने रीपोस्ट किया और उस पर लिखा, मेरा कुत्ता कुत्ता, तेरा कुत्ता टॉमी??? उनकी इस टिप्पणी के बाद पोस्ट पर चर्चा और बढ़ गई।

कई अन्य यूजर्स ने भी कंगना की हालिया टिप्पणी और पुराने विज्ञापन को जोड़ते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने उनके पुराने विज्ञापन में दिखाए गए लुक को लेकर सवाल उठाए और कृति सेनन के पहनावे पर की गई कंगना की टिप्पणी से इसकी तुलना की।
कृति के राखी ऐड को लेकर क्या हुआ?

विवाद की शुरुआत कृति सेनन के एक ज्वेलरी विज्ञापन से हुई थी, जिसमें वह रक्षाबंधन मनाती नजर आई थीं। विज्ञापन में कृति ने ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहनी थी। उनके पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हुई।

कंगना ने भी कृति के इस विज्ञापन में पहने कपड़ों पर टिप्पणी की थी। विवाद बढ़ने के बाद यह विज्ञापन यूट्यूब से हटा दिया गया। इसके बाद कंगना का पुराना रक्षाबंधन विज्ञापन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाओं के बीच कंगना के पुराने विज्ञापन और कृति सेनन के ऐड की तुलना की जा रही है, जबकि कुनिका सदानंद की टिप्पणी ने भी इस चर्चा को नया मोड़ दे दिया है।