2 News : इस दिन रिलीज होगी प्रभास की ‘कल्कि 2898एडी’, ‘रेड 2’ में विलेन के रूप में हुई इस हीरो की एंट्री

‘बाहुबली’ फेम प्रभास की फिल्म ‘सालार’ 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह अब तक वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 700 करोड़ रुपए कमाई का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस बीच प्रभास के फैंस के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘कल्कि 2898एडी’ की रिलीज डेट से जुड़ी खबर मिली है। सोशल मीडिया पर एक फैन पेज की ओर से शेयर किए गए ‘कल्कि 2898एडी’ का पोस्टर सामने आया है, जिसमें मई 9 2024 लिखा हुआ है।

इसका मतलब है कि यह रिलीज डेट है। पोस्टर में प्रभास का फिल्म से दमदार लुक देखने को मिल रहा है। इसके अलावा यह रिपोर्ट भी सामने आई है कि फिल्म का टीजर मकर सक्रांति के खास मौके पर 15 जनवरी को रिलीज कर दिया जाएगा। कहा जा रहा है कि टीजर 1.23 मिनट का होगा, जिस सेंसर बोर्ड से UA सर्टिफिकेट मिला है।

हालांकि अभी फिल्म की टीम की तरफ से कोई ऑफिशियल घोषणा नहीं की गई है। फिल्म का टाइटल पहले ‘प्रोजेक्ट’ था, जिसमें प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दिशा पाटनी जैसे स्टार हैं। नागा अश्विन की फिल्म का बजट 600 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
रितेश देशमुख ‘रेड 2’ में अजय देवगन के सामने खलनायक का किरदार निभाएंगे

एक्टर अजय देवगन की फिल्म ‘रेड’ साल 2018 में सिनेमाघरों में आई थी। फिल्म का सीक्वल कंफर्म हो चुका है। इसमें अजय के अपोजिट एक्ट्रेस वाणी कपूर हैं। कुछ दिन पहले ही खबर सामने आई थी कि इस बार अजय के साथ इलियाना डि क्रूज की जगह वाणी ने ले ली है। अब फिल्म के विलेन का नाम भी सामने आ गया है। इसमें एक्टर रितेश देशमुख की बतौर विलेन एंट्री हो चुकी है।रितेश फिल्म में अजय के सामने विलेन बने नजर आएंगे। दोनों हीरो पहली बार एक साथ इंटेंस रोल में रहेंगे।

फिल्म टी-सीरीज के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बन रही है। प्रोडक्शन हाउस ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा, “टकराव के लिए तैयार हो जाइए। खलनायक की भूमिका में रितेश देशमुख का स्वागत है!” फिल्म में आईआरएस अधिकारी अमर पटनायक (अजय) का अगला निशाना रितेश होंगे। डायरेक्टर राजकुमार गुप्ता की इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। इसे मुंबई के साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में फिल्माया जाएगा।