कैंसर से लड़ रही हिना खान ने बॉयफ्रेंड रॉकी संग की सीक्रेट वेडिंग, सोशल मीडिया पर शेयर कीं खूबसूरत तस्वीरें

‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम अक्षरा यानी एक्ट्रेस हिना खान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह है उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी एक बड़ी खबर। कैंसर से जूझ रही हिना ने अपने लंबे समय से बॉयफ्रेंड रहे रॉकी जायसवाल से गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। उन्होंने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसे देख फैंस हैरान भी हैं और बेहद खुश भी।

हिना खान और रॉकी जायसवाल ने बेहद निजी समारोह में सात फेरे लिए। इस खास मौके की तस्वीरें एक्ट्रेस ने खुद अपने फैंस के साथ साझा की हैं। कैंसर की जंग के बीच इस खुशखबरी ने उनके चाहने वालों को भावुक कर दिया है। दोनों की जोड़ी को सोशल मीडिया पर खूब प्यार मिल रहा है।

हिना ने लिखा दिल छू लेने वाला कैप्शन

शादी की तस्वीरों के साथ हिना ने एक खूबसूरत संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “दो अलग दुनियाओं को जोड़कर हमने अपनी दुनिया बना ली है। हमने सारे शिकवे मिटाकर ऐसा बंधन बनाया है जो हमेशा के लिए है। हम एक-दूसरे की दुनिया बन चुके हैं और आज से हम एक-दूसरे के हो गए हैं।” उनके इस मैसेज को फैंस ने बेहद पसंद किया और जमकर प्रतिक्रियाएं दीं।

हिना की साड़ी और ब्राइडल लुक ने बटोरी सुर्खियां

शादी की तस्वीरों में हिना और रॉकी बेहद प्यारे लग रहे हैं। शादी बेहद सादगी से की गई, जिसमें दोनों ने अपने लुक को भी बेहद सटल रखा। हिना ने ओपल ग्रीन कलर की खूबसूरत साड़ी पहनी थी जिसे मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किया था। इसके साथ उन्होंने सिल्वर कलर की चुनरी और सादगीभरी ज्वेलरी कैरी की। वहीं रॉकी जायसवाल ने ऑफ-व्हाइट शेरवानी पहनकर अपना लुक पूरा किया।