Happy Birth Day : परिणीति चोपड़ा को प्रियंका ने ऐसे किया विश, पिंकी रोशन को ऋतिक और राकेश ने यूं दी बधाई

एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा आज रविवार (22 अक्टूबर) को अपना जन्मदिन मना रही हैं। वह 35 साल की हो गई हैं। इस मौके पर उन्हें चाहने वाले सोशल मीडिया पर अपनी भावनाओं का इजहार कर रहे हैं। परिणीति की कजिन सिस्टर प्रियंका चोपड़ा ने उन्हें खास अंदाज में विश किया है। प्रियंका ने अपनी चचेरी बहन परिणीति की एक पुरानी तस्वीर (थ्रोबैक फोटो) साझा करते हुए उन्हें बर्थडे की बधाई दी है।

प्रियंका ने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो टीशा। आशा है कि आप आज और हमेशा बहुत प्यार और आनंद से घिरी रहेंगी।” फोटो प्रियंका के पिछले साल के जन्मदिन ट्रिप की है। इसमें परिणीति एक छोटी सफेद ड्रेस पहने हैं। प्रियंका पीले रंग की टू-पीस ड्रेस में दिख रही हैं। बता दें कि प्रियंका और परिणीति के बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग है।

दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ जश्न मनाती हैं। प्रियंका इस साल मई में परिणीति की सगाई में शामिल होने के लिए अमेरिका से दिल्ली आई थीं। हालांकि काम में बिजी होने से प्रियंका अपनी बहन की शादी का हिस्सा नहीं बन सकी। परिणीति की शादी 24 सितंबर को उदयपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) नेता राघव चड्ढा के साथ हुई थी।

70 साल की हुईं पिंकी रोशन, बेटे और पति ने लुटाया भरपूर प्यार

एक्टर ऋतिक रोशन की मां पिंकी रोशन का आज रविवार (22 अक्टूबर) को जन्मदिन है। बता दें कि पिंकी सोशल मीडिया पर अक्सर वर्कआउट रूटीन की झलकियां साझा करती रहती हैं। वे फिटनेस को लेकर काफी जागरूक हैं। ऋतिक ने जिम से मां का एक डांसिंग वीडियो शेयर कर प्यार जाहिर किया हैं। ऋतिक ने यह दिल छू लेने वाली रील इंस्टाग्राम पर डाली है।

वीडियो में ऋतिक जिम में कदम रखते हुए घोषणा करते हैं, “संगीत चालू है, जिसका मतलब है कि मेरी मां नाच रही होंगी।” इसके बाद कैमरा पिंकी को प्यार से, बेफिक्र और जोश से भरे आनंदमय नृत्य में डूबे हुए कैद कर लेता है। ऋतिक ने कैप्शन में लिखा, “चैपलिन ने कहा था, ‘वास्तव में हंसना, अपना दर्द सहना और उसके साथ खेलना सीखो’ मामा, यह मैं आपसे सीखता हूं, 70वें जन्मदिन की शुभकामनाएं मेरी सुपरमॉम! आपके जैसा कोई नहीं है! यहां एक साहसिक कार्य है जो अभी शुरू ही हुआ है!! मुझे तुमसे प्यार है। सब लोग बढ़ो!!! अपने हाथ से ताली बजाएं।”

ऋतिक के पिता एक्टर व फिल्ममेकर राकेश रोशन ने भी इंस्टाग्राम पर पिंकी की एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की है। उन्होंने लिखा, “मेरे पिंक्स को 70वीं शुभकामनाएं! हर सीजन में मेरा रॉक बनने के लिए धन्यवाद। जीवनभर एक साथ प्यार और हंसी-मजाक के लिए शुभकामनाएं। जन्मदिन का आशीर्वाद और प्यार।”