Femina Miss India 2023: राजस्थान की नंदिनी गुप्ता बनीं मिस इंडिया, जानें कौन बना रनर-अप?

ब्यूटी पेजेंट फेमिना मिस इंडिया को अपना विनर मिल गया है। राजस्थान के कोटा शहर की रहने वाली 19 साल की नंदिनी गुप्ता ने मिस इंडिया 2023 का खिताब अपने नाम कर लिया है। वह देश की 59वीं मिस इंडिया चुनी गईं। इस खास मौके पर नंदिनी को पूर्व मिस इंडिया सिनी शेट्टी ने ताज पहनाया। सिनी शेट्टी फेमिना मिस इंडिया 2022 की विनर रही थीं। आपको बता दे, फेमिना मिस इंडिया का आयोजन इस बार मणिपुर में हुआ था। मिस इंडिया 2023 इवेंट में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे ने धमाकेदार परफॉर्मेंस से समा बांधा। वहीं, मनीष पॉल और भूमि पेडनेकर ने शो को होस्ट किया था।

कौन बना रनर-अप?

मिस इंडिया के विनर का ताज जहां राजस्थान की नंदिनी गुप्ता के सिर सजा वहीं, दिल्ली की श्रेया पूंजा फर्स्ट रनर अप बनीं और मणिपुर की थौना ओजम स्ट्रेला लुवांग सेकेंड रनर-अप रहीं।

ब्यूटी पेजेंट में देशभर की लड़कियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन नंदिनी ने सबको पछाड़ते हुए 'खूबसूरती का ताज' अपने नाम कर लिया है। महज 19 साल की उम्र में मिस इंडिया बनकर नंदिनी कई यंग गर्ल्स के लिए इंस्पिरेशन बन चुकी हैं। मिस इंडिया बनने के बाद नंदिनी अब मिस वर्ल्ड के अगले सीजन में देश को रिप्रेजेंट करेंगी।