पंजाबी सिंगर व एक्टर दिलजीत दोसांझ हाल ही में अपनी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर खूब सुर्खियों में रहे। इस फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भी हैं। चूंकी पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत-पाकिस्तान के संबंध काफी बिगड़ गए थे, ऐसे में हिंदुस्तानियों को यह नागवार गुजरा कि कोई पाकिस्तानी यहां की किसी फिल्म में दिखे। इस पर दिलजीत की खूब आलोचना हुई और उन्हें जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। इन सबके बाद फिल्म 27 जून को भारत में छोड़कर अन्य देशों के सिनेमाघरों में रिलीज की गई।
इस दौरान यह चर्चा तेज हो गई थी कि दिलजीत को उनकी अपकमिंग मूवी 'बॉर्डर 2' से बाहर किया जा सकता है। दावा किया जा रहा था कि उनकी जगह एमी विर्क को लिया जाएगा। अब इन तमाम अफवाहों पर खुद दिलजीत ने विराम लगा दिया है। दिलजीत ने बुधवार (2 जुलाई) को इंस्टाग्राम पर 'बॉर्डर 2' के सेट से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे आर्मी यूनिफॉर्म में नजर आए। दिलजीत वैनिटी वैन से निकलते हुए, यूनिफॉर्म पहनते हुए और सेट पर डांस सीन की तैयारी करते दिख रहे हैं। इस दौरान बैकग्राउंड में 1997 में आई जेपी दत्ता की फिल्म 'बॉर्डर' का लोकप्रिय गाना 'के घर कब आओगे' भी सुनाई देता है।
वीडियो के कैप्शन में दिलजीत ने लिखा, ‘बॉर्डर 2.’ इस पर फैंस और सेलेब्स रिएक्शन दे रहे हैं। प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा ने हार्ट इमोजी पोस्ट की। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले एक मीडिया संस्थान के साथ बात करते हुए फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने भी साफ कर दिया था कि ‘बॉर्डर 2’ से दिलजीत को हटाने या बदलने की कोई योजना नहीं है। उनकी कास्टिंग लगभग 9 महीने पहले तय हो चुकी थी और आधी फिल्म की शूटिंग भी हो चुकी है। ऐसे में किसी नए कलाकार को लाना असंभव है। बता दें 'बॉर्डर 2' के डायरेक्टर अनुराग सिंह हैं। फिल्म में दिलजीत के साथ सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी भी नजर आएंगे। दिलजीत पिछले साल सितंबर में इस प्रोजेक्ट से जुड़े थे।
‘रामायण’ के टीजर में दिखाई गई है रणबीर और यश के बीच लड़ाई, अगले साल होगी रिलीजरणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है। वे इससे जुड़ी हर खबर जानने को बेकरार हैं और लगातार नजर बनाए हुए हैं। इस बीच आज गुरुवार (3 जुलाई) को फिल्म का पहला लुक पोस्टर रिलीज हो गया है। यह सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया और यूजर्स के बीच टॉकिंग पॉइंट बना हुआ है। पोस्टर में रणबीर को राम अवतार में देखा जा सकता है। वे धनुष लिए योद्धा के रूप में दिख रहे हैं। बैकग्राउंड में सूरज और बादल देखे जा सकते हैं।
इसके अलावा फर्स्ट लुक टीजर वीडियो में रणबीर और साउथ इंडियन स्टार यश का लुक देखने को मिला। इसमें राम और रावण की लड़ाई को दिखाया गया है। रणबीर को जंगल में पेड़ पर चढ़कर धनुष चलाते हुए देखा जा सकता है। रावण के रोल में यश को देख फैंस रोमांचित हो रहे हैं। रणबीर राम और साई मां सीता के रोल में हैं। साल 2026 में फिल्म का पहला पार्ट रिलीज किया जाएगा वहीं दूसरा पार्ट 2027 में रिलीज होगा। फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे सहित और भी कई स्टार हैं।
सनी हनुमान के किरदार में हैं। रवि लक्ष्मण बने हैं। इसके अलावा रकुलप्रीत सिंह शूर्पणखा, काजल अग्रवाल मंदोदरी और लारा दत्ता कैकई के रोल में में नजर आएंगी। फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी हैं। खबरें हैं कि फिल्म को 850 करोड़ के बजट में बनाया जा रहा है। इस फिल्म के एक सेट की कीमत 11 करोड़ बताई जा रही है। हाल ही फिल्म का शूट रैपअप हुआ, जिसमें रणबीर और रवि दोनों काफी इमोशनल हो गए थे।