आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ पार्ट 1 और 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब ध्यान खींचा है। फिल्म को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है, लेकिन इसके पीछे शूटिंग के दौरान आई कई चुनौतियों की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। फिल्म से जुड़े एक्टर्स विक्रम भांबरी, हीरव मेहता और रजत अरोड़ा ने खुलासा किया है कि लेह-लद्दाख में शूटिंग के दौरान पूरी टीम को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा था, यहां तक कि 100 से 200 लोग बीमार पड़ गए थे।
लेह-लद्दाख की लोकेशन बनी सबसे बड़ी चुनौतीएक्टर हीरव मेहता ने एक इंटरव्यू में बताया कि लेह-लद्दाख में शूटिंग करना जितना शानदार लगता है, उतना ही मुश्किल भी था। उन्होंने कहा कि जैसे ही टीम वहां पहुंची, प्रोडक्शन की तरफ से एक दिन का समय दिया गया ताकि सभी लोग हाई एल्टीट्यूड के माहौल में खुद को ढाल सकें। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन धीरे-धीरे ऑक्सीजन लेवल गिरने लगे और शरीर पर असर दिखने लगा।
हीरव के मुताबिक शाम तक उन्हें सिरदर्द और घबराहट महसूस होने लगी थी और हालत इतनी खराब हो गई कि बिना खाना खाए ही उन्हें सोना पड़ा। अगले दिन स्थिति थोड़ी बेहतर हुई। उन्होंने यह भी बताया कि शूटिंग के दौरान पूरी टीम ने कठिन परिस्थितियों में काम किया, पहाड़ी रास्तों पर ऑफ-रोडिंग करनी पड़ी और कई दूर-दराज की लोकेशंस पर शूटिंग हुई। इसके बावजूद प्रोडक्शन टीम ने बेहतरीन वैनिटी वैन और खाने की व्यवस्था की थी। हालांकि हाई एल्टीट्यूड के कारण कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई और मेडिकल टीम व एंबुलेंस भी तैनात रखी गई थी।
एक्टर को भी हुई सांस लेने की समस्याहीरव मेहता की बात को आगे बढ़ाते हुए विक्रम भांबरी ने बताया कि शूटिंग के दौरान मौसम ने तो साथ दिया, लेकिन शरीर पर काफी असर पड़ा। उन्होंने कहा कि जिस दिन उनका आखिरी शेड्यूल था, उसके अगले ही दिन वहां बारिश शुरू हो गई थी।
विक्रम ने बताया कि शूटिंग के दौरान इंटीरियर लोकेशन और धूल-मिट्टी की वजह से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। इसी दौरान सेट पर फूड पॉइजनिंग की स्थिति भी सामने आई, जिससे कई लोग प्रभावित हुए।
100 से 200 लोगों की तबीयत बिगड़ीहीरव मेहता ने इस घटना को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि हालात इतने गंभीर हो गए थे कि शूटिंग को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। शुरुआत में सभी को लगा कि यह समस्या सिर्फ ऑक्सीजन लेवल की वजह से है, लेकिन बाद में पता चला कि कुछ मामलों में बर्ड फ्लू और खराब नॉनवेज फूड भी इसकी वजह हो सकता है।
रिपोर्ट्स में भी यह बात सामने आई कि करीब 100 से 200 लोग इस दौरान बीमार पड़ गए थे। हालांकि, उन्होंने यह साफ किया कि इसमें प्रोडक्शन की कोई लापरवाही नहीं थी और टीम की तरफ से खाने-पीने और हेल्थ से जुड़ी सभी सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई गई थीं।