महाभारत / बिना कट के शूट हुआ था द्रौपदी चीर हरण का सीन, शूटिंग के बाद फूट-फूटकर रोई थीं रूपा गांगुली

देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से लॉकडाउन (Lockdown) लगाया गया है। लॉकडाउन की वजह से सभी लोग अपने-अपने घरों में कैद है ऐसे में लोगों के एंटरटेनमेंट के लिए कई टीवी चैनल अपने पुराने लोकप्रिय सीरियल्स वापिस दिखा रहे है। इसी कड़ी में दूरदर्शन भी 80 और 90 के दशक के दौर के सीरियल्स वापस लेकर आया है। रामानंद सागर (Ramanand Sagar) की रामायण और बी आर चोपड़ा (BR Chopra) की महाभारत को दर्शकों को फिर से वो प्यार मिला, जो तब मिला करता था। आज भी लोग महाभारत (Mahabharata) और रामायण देखने के लिए अपने टीवी के सामने बैठ जाते हैं। बीआर चोपड़ा के निर्देशन में बना महाभारत भारतीय टीवी इतिहास के सबसे कामयाब शोज में से एक है। इस शो को आने के बाद शो के कलाकारों और मेकर्स की कई यादें ताजा हो गई हैं।

महाभारत (Mahabharata) में भीष्म पितामह, दुर्योधन, कर्ण, शकुनि मामा के साथ कई किरदार ऐसे है, जिन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। इन्हीं में से एक रूपा गांगुली भी हैं, जिन्होंने द्रौपदी का किरदार निभाया था। इस किरदार के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की। महाभारत में द्रौपद्री का चीर हरण एक अहम् सीन था और इस सीन को लेकर बी आर चोपड़ा काफी सीरियस थे। बी आर चोपड़ा इस बात को कहते थे कि अगर द्रौपदी का चीर हरण नहीं हुआ होता तो महाभारत ही नहीं होती। क्योंकि महाभारत के दौरान ये सब हुआ था, इसलिए इस घटना को दिखाना भी जरूरी था। साथ ये चुनौती थी कि इस घटना के दौरान का दर्द वास्तविक रूप से दर्शकों तक पहुंचाया जा सके।

ऐसे में कम ही लोग इस बात से वाकिफ हैं कि बी आर चोपड़ा ने इस सीक्वेंस के लिए खास तैयारी की थी। उन्होंने एक लंबी चौड़ी साड़ी का प्रबंध किया। बी आर चोपड़ा को 250 मीटर की एक अनकट साड़ी बनवाई। इस साड़ी को तब इस्तेमाल किया जाना था जब द्रौपदी का चीर हरण होता और श्रीकृष्ण उसकी लाज बचाते।

रूपा गांगुली से मेकर्स ने कहा था कि वह खुद को उसी मिजाज में लेकर जाएं जब किसी महिला को बालों से खींच कर भरी सभा में लाया जाए और उसका वस्त्र हरण हो। रूपा ने इसकी तैयारी की थी और सीक्वेंस शूट होते वक्त वह बहुत ज्यादा भावुक हो गई थीं।

शूटिंग शुरू हुई तो किसी को यकीन नहीं था कि ये सीन एक बार में शूट हो जाएगा। रूपा गांगुली ने इस वास्तविक और प्रबल ढंग से शूट किया कि पहली बार में ही सीन परफेक्ट हुआ। मेकर्स ने बताया कि द्रौपदी के चीर हरण का सीक्वेंस इतना दर्दनाक था कि उसे करते वक्त रूपा गांगुली रोने लगी थीं। वह सेट पर इतना रोईं कि मेकर्स और बाकी की स्टार कास्ट को उन्हें चुप कराने में ही आधा घंटा लग गया था।