अलविदा कॉमेडी के शहंशाह राजू श्रीवास्तव, अंतिम संस्कार आज

पूरे देश के चहेते गजोधर भैया ने 42 दिन तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद 21 सितंबर को अंतिम सांस ली। हमेशा अपने अंदाज से सभी को हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव सबको रूलाकर चले गए। इस महान कलाकार का आज (गुरुवार) सुबह 9:30 बजे दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले राजू श्रीवास्तव के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर किया जाएगा।

जानकारी अनुसार, राजू श्रीवास्तव के पार्थिव शरीर को बुधवार को द्वारिका में भतीजे मयंक श्रीवास्तव का घर पहुंच चुका है। भतीजे के घर ही सुबह आठ बजे से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। वहीं, सबुह 9:30 बजे के करीब उनके लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि अंतिम संस्कार के लिए राजू की पत्नी शिखा, बेटी अंतरा और बेटा आयुष्मान दिल्ली में ही मौजूद हैं। वहीं अन्य रिश्तेदार भी बुधवार शाम से ही दिल्ली पहुंचना शुरू हो गए हैं।

बता दें कि 58 साल के राजू श्रीवास्तव को 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट दौरान दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। वे तुरंत वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए गए। राजू को एम्स के एक्सपर्ट डॉक्टर्स ने बचाने की पूरी कोशिश की थी। बीच में राजू की तबीयत में सुधार होता हुआ भी नजर आ रहा था। उनकी बॉडी में मूवमेंट होने की खबरें थीं। परिवार और फैंस को आस थी कि राजू ठीक हो जाएंगे। पर किसे पता था, राजू यूं सभी की उम्मीदों को तोड़ते हुए अलविदा कह जाएंगे।