वर्ल्डवाइड कलेक्शन में Brahmastra ने 'द कश्मीर फाइल्स' को पछाड़ा, विवेक अग्‍न‍िहोत्री ने कह दी ये बात

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के लीड रोल वाली फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' ने वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन में विवेक अग्निहोत्री की सुपरहिट फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने अभी तक पूरी दुनिया में 360 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। 'द कश्मीर फाइल्स' ने पूरी दुनिया में 340 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। जैसे ही यह खबर सामने आई 'द कश्मीर फाइल्स' के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री का रिएक्शन भी सामने आ गया। उन्होंने ट्विटर पर कई खबरों के स्क्रीनशॉट्स शेयर किए हैं जिसमें बताया गया है कि 'ब्रह्मास्त्र' ने फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को पछाड़ते हुए साल 2022 की सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। इन स्क्रीनशॉट्स के साथ विवेक ने लिखा, 'हाहाहा...मुझे नहीं पता कि उन्होंने 'द कश्मीर फाइल्स' को कैसे पीटा, छड़ी से, हॉकी से या एके 47 से या पत्थर से... या फिर पेड पीआर और इन्फ्लूएंसर्स से? बॉलीवुड फिल्मों को आपस में मुकाबला करने दीजिए। हमें अकेला छोड़ दीजिए। मैं इस बेफकूफी की रेस में शामिल नहीं हूं। शुक्रिया।'

बता दें कि बेहद कम बजट में बनी 'द कश्मीर फाइल्स' ने विवाद में रहते हुए भी काफी अच्छा बिजनस किया था। फिल्म को काफी पॉलिटिकल सपोर्ट भी मिला था और इसे हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में टैक्स फ्री घोषित किया गया था। फिल्म में 1990 के दशक में कश्मीर में हिंदुओं के विस्थापन को दिखाया गया था। कई मंत्रियों ने भी फिल्म की काफी तारीफ की थी।

'ब्रह्मास्त्र' को 2डी और 3डी में हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया गया है। अयान मुखर्जी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, नागर्जुन और मौनी रॉय भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।