बॉक्स ऑफिस पर फीकी पड़ी 'धड़क 2', 'सन ऑफ सरदार 2' की कमाई में हल्की बढ़त

1 अगस्त को हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों की टक्कर देखने को मिली — एक तरफ अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' और दूसरी तरफ सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी स्टारर रोमांटिक ड्रामा 'धड़क 2'। हालांकि इन दोनों फिल्मों को औसत प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन इन पर 'सैयारा' के तूफान का गहरा असर साफ नजर आ रहा है।

आइए नजर डालते हैं इन दोनों फिल्मों के दूसरे दिन के कलेक्शन पर:


'धड़क 2' की कमाई निराशाजनक, 'सैयारा' से पीछे

Box Office ट्रैकिंग पोर्टल Sacnilk की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, 'धड़क 2' ने रिलीज़ के दूसरे दिन करीब 3.75 करोड़ रुपये की कमाई की। पहले दिन फिल्म ने महज 3.5 करोड़ रुपये बटोरे थे, जिसके चलते दो दिन में फिल्म का कुल कलेक्शन 7.25 करोड़ पर आकर ठहर गया है।

इस आंकड़े को 'सैयारा' से तुलना करें तो फर्क साफ है — जहां 'सैयारा' ने अपने 16वें दिन भी 6.35 करोड़ का आंकड़ा पार किया है, वहीं 'धड़क 2' महज दो दिन में भी उससे नीचे है। यह सिद्ध करता है कि 'सैयारा' की लोकप्रियता इन नई फिल्मों पर भारी पड़ रही है।

'धड़क 2' का निर्देशन शाजिया इकबाल ने किया है और इसे धर्मा प्रोडक्शन ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म को आलोचकों से ठीक-ठाक समीक्षा मिली थी और इसकी एक भावुक प्रेम कहानी दर्शकों के सामने प्रस्तुत की गई है, लेकिन सिनेमाघरों में इसका असर कमजोर ही रहा।
'सन ऑफ सरदार 2' को हल्की राहत, लेकिन उम्मीद से कम रिस्पॉन्स

'सन ऑफ सरदार 2' को लेकर दर्शकों की उम्मीदें ज्यादा थीं, खासकर ट्रेलर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के चलते। लेकिन फिल्म को रिव्यूज़ ज्यादा दमदार नहीं मिले। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ रवि किशन, नीरू बाजवा और मृणाल ठाकुर जैसे सितारे नजर आ रहे हैं। यह एक हल्की-फुल्की पारिवारिक कॉमेडी है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी गति धीमी बनी हुई है। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। दूसरे दिन के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म की कमाई में पिछले दिन के मुकाबले हलकी बढ़त देखने को मिली है। फिल्म ने 7.50 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिससे कुल दो दिन की कमाई 14.75 करोड़ रुपये हो गई है। हालांकि आधिकारिक आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं।

बजट और भविष्य की चिंता

फिल्मों के बजट की बात करें तो —


- 'धड़क 2' का निर्माण खर्च लगभग 60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
- 'सन ऑफ सरदार 2' का बजट और भी भारी है — लगभग 100 करोड़ रुपये।