बोमन ईरानी (65) बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार माने जाते हैं। उन्होंने ‘थ्री इडियट्स’, ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ सहित कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं अदा की हैं। हाल ही एक इंटरव्यू में बोमन ने सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ काम करने के एक्सपीरियंस पर बात की। दोनों कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और अच्छे दोस्त भी हैं। बोमन ने ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे के साथ बातचीत में कहा कि शाहरुख को सेट पर रहना बहुत पसंद है। उन्हें लोगों के साथ वक्त बिताना अच्छा लगता है। उन्हें टीम के साथ मिलकर फिल्म बनाने में बहुत मजा आता है। मेरे लिए, उनमें एक शरारतीपन भी है।
वो बहुत उदार और बड़े दिल वाले इंसान हैं। उनके कमरे का दरवाजा हमेशा खुला रहता है। एक तरफ ढेर सारे स्नैक्स रखे होते हैं। लोग आते-जाते रहते हैं और स्नैक्स उठा लेते हैं। जब भी वक्त मिलता है, शाहरुख सबके साथ गेम्स खेलते हैं। सेट पर हमेशा मजा आता है। हालांकि शाहरुख बहुत ही बोरिंग हैं। सिर्फ तंदूरी चिकन खाते हैं और कुछ नहीं। उन्हें रेस्टोरेंट जाना पसंद नहीं। हमारे साथ जाएंगे तो सही, लेकिन खाएंगे नहीं। खाना सामने पड़ा होता है और वो बातों में लगे रहते हैं। इससे खाना ठंडा हो जाता है।
सब लोग अच्छे से एंजॉय कर रहे होते हैं पर शाहरुख को कोई फर्क नहीं पड़ता। तो हां, इस मामले में मुझे उनसे शिकायत है। खाने में वो मेरा साथ नहीं देते। फिल्म में काम करने के दौरान अक्सर कई दिक्कतें आती हैं, मगर इस बात से बाकियों को टेंशन नहीं होती क्योंकि शाहरुख सब कुछ मैनेज कर लेते हैं। खास बात ये है कि वो अपने साथ काम करने वाले एक्टर्स को कमतर महसूस नहीं होने देते। इस वजह से लोग ऑन स्क्रीन के अलावा ऑफ स्क्रीन भी उन्हें काफी पसंद करते हैं। बोमन के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे अब ‘जॉली एलएलबी 3’ में अक्षय कुमार और अरशद वारसी के साथ नजर आएंगे।
बोमन ईरानी ने ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ में किया था सुनील दत्त के साथ कामराजकुमार हिरानी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ को ऑडियंस से खूब प्यार मिला है। फिल्म में बोमन ने ‘डॉक्टर अस्थाना’ का मजेदार किरदार निभाया था। दिवंगत अभिनेता सुनील दत्त और बोमन के कई सीन शूट हुए थे। हालांकि जब दोनों एक्टर फिल्म के प्रीमियर पर मिले तो सुनील ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। बोमन ने कहा कि फिल्म की प्रीमियर नाइट पर सुनील मुझे पहचान नहीं पाए थे।
उन्होंने किसी से पूछा कि ये बंदा कौन है जो बार-बार पास आकर खड़ा हो रहा है? उन्हें लगा कि मैं कोई फैन हूं। जब उन्हें बताया गया कि मैं बोमन हूं तो उन्होंने तुरंत गले लगाकर कहा, ‘अरे डॉक्टर साहब।’ उस पल ने मुझे महसूस कराया कि मैं फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हूं। दरअसल शूटिंग के दौरान बोमन के सिर पर बाल नहीं थे, लेकिन जब दोनों की मुलाकात हुई तो उनका लुक अलग था।
बोमन ने बताया कि सुनील 16 साल बाद कैमरा फेस कर रहे थे। ऐसे में जब वो पहली बात मेरे साथ सीन करने आए तो धीरे से कहा कि वो नर्वस हैं। ये सुनकर मैं हैरान हो गया। मैंने कहा इतने बड़े, शानदार एक्टर भी नर्वस होते हैं। लेकिन उनकी इस विनम्रता से मैं बेहद प्रभावित था। बता दें, सुनील और उनके बेटे संजय दत्त इस फिल्म में पहली और आखिरी बार साथ नजर आए थे।